Marco Rubio Jaipur Visit: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो इन दिनों भारत दौरे पर हैं और सोमवार को वह जयपुर पहुंचेंगे. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, रुबियो सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जयपुर पहुंचेंगे और मंगलवार सुबह 6:30 बजे यहां से रवाना होंगे. अपने जयपुर दौरे के दौरान रुबियो विश्व प्रसिद्ध आमेर फोर्ट का भ्रमण भी करेंगे. आमेर किले में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी उनका स्वागत करेंगी.
आमेर जाएंगे मार्को रुबियो
जानकारी के मुताबिक, रुबियो के दोपहर करीब 3 बजे आमेर पहुंचने की संभावना है. अमेरिकी विदेश मंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. इसी कारण सोमवार दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक आमेर फोर्ट को आम पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा. जयपुर यात्रा के दौरान मार्को रुबियो शहर के मशहूर हेरिटेज होटल रामबाग पैलेस में ठहरेंगे. होटल और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्था की गई है.
24 थाना क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी
दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं. शहर के 24 थाना क्षेत्रों में 25 और 26 मई को ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है. सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट, मालवीय नगर, गांधी नगर, एसएमएस, आदर्श नगर, लालकोठी, अशोक नगर, रामगंज, सुभाष चौक और आमेर सहित कई संवेदनशील इलाकों को नो-ड्रोन जोन घोषित किया गया है.
पहले भी विदेशी मेहमान आ चुके जयपुर
गौरतलब है कि इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी जयपुर दौरे पर आ चुके हैं. दोनों विदेशी नेताओं का पारंपरिक तरीके से हाथियों के साथ स्वागत किया गया था. विशेषज्ञ इस यात्रा को केवल राजनीतिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक कूटनीति के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण मान रहे हैं. माना जा रहा है कि इस दौरे से भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूती मिलेगी.
ये भी पढ़ें: मई में चौथी बार महंगाई का तगड़ा झटका, पेट्रोल के 2.61 रुपए और डीजल 2.71 रुपए बढ़े दाम, जानें नई कीमत



