Sunday, June 7, 2026
HomeLatest Newsविधायकों के बाद अब ममता बनर्जी को सता रहा सांसदों में फूट...

विधायकों के बाद अब ममता बनर्जी को सता रहा सांसदों में फूट का डर, दिल्ली हुईं रवाना

ममता बनर्जी इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हुईं। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब TMC के 58 विधायक अलग गुट बनाकर बगावत कर चुके हैं। पार्टी को आशंका है कि इसका असर संसद तक पहुंच सकता है। दिल्ली में ममता सांसदों और नेताओं के साथ बैठक कर पार्टी की स्थिति का जायजा लेंगी।

TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी रविवार को विपक्षी गठबंधन इंडिया की अहम बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हो गईं. उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब TMC (तृणमूल कांग्रेस) के भीतर संभावित बगावत की चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में तेज हैं. ममता बनर्जी के साथ राज्यसभा सांसद डोला सेन और लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी भी थे. वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी एक दिन पहले ही राष्ट्रीय राजधानी पहुंच चुके हैं. हालांकि उन्हें ममता बनर्जी के साथ ही रवाना होना था.

विधानसभा से संसद तक बढ़ सकती है बगावत?

तृणमूल नेतृत्व की चिंता इस बात को लेकर बढ़ गई है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा में जो राजनीतिक संकट खड़ा हुआ, उसका असर अब संसद में भी दिखाई दे सकता है. हाल ही में तृणमूल के 80 में से 58 विधायकों ने आधिकारिक विधायक दल से अलग होकर नया गुट बना लिया था. इस गुट को विधानसभा में मुख्य विपक्ष के रूप में मान्यता भी मिल चुकी है, जिसे पार्टी के इतिहास के सबसे बड़े आंतरिक संकटों में से एक माना जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, अब लोकसभा और राज्यसभा में भी कुछ सांसदों के बीच समर्थन जुटाने की कोशिशें जारी हैं. ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि असंतुष्ट सांसद आने वाले दिनों में कोई बड़ा कदम उठा सकते हैं.

सांसदों के साथ बैठक कर सकतीं ममता बनर्जी

दिल्ली प्रवास के दौरान ममता बनर्जी पार्टी सांसदों और नेताओं के साथ कई दौर की बैठकें कर सकती हैं. माना जा रहा है कि उनका मुख्य उद्देश्य पार्टी को एकजुट रखना और संभावित टूट को रोकना होगा. सोमवार को होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक से पहले तृणमूल नेतृत्व अपनी राजनीतिक स्थिति का आकलन करने में जुटा है.

कई नेताओं ने अभिषेक बनर्जी की कार्यशैली का किया विरोध

पिछले महीने हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद पार्टी के कई नेताओं ने खुलकर अभिषेक बनर्जी की कार्यशैली और नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं. बागी विधायक एवं विधायक दल के उपनेता संदीपन साहा ने दावा किया है कि संसद में भी वही स्थिति बन रही है जो विधानसभा में देखने को मिली थी. गौरतलब है कि बसीरहाट से सांसद हाजी नुरूल इस्लाम के निधन के बाद लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के सांसदों की संख्या 28 रह गई है. ऐसे में पार्टी के भीतर जारी उठापटक राष्ट्रीय राजनीति में भी नए समीकरण पैदा कर सकती है.

ये भी पढ़ें: अनीता बिश्नोई के पति ने दर्ज कराई FIR, गलत कमेंट करने वाले का लिया नाम, लगाए कई गंभीर आरोप


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image