Mamata Banerjee On BJP: तृणमूल कांग्रेस (TMC) में कई वरिष्ठ नेताओं के पार्टी छोड़ने के बीच पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी का खुलकर बचाव किया. उन्होंने कहा कि अभिषेक को पार्टी पर हमला करने का बहाना बनाया जा रहा है, जबकि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी समझौता करने के बजाय संघर्ष का रास्ता चुना.
फेसबुक लाइव के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वह तृणमूल कांग्रेस को फिर से शून्य से खड़ा कर देंगी. उन्होंने कहा, ‘मैंने पहले भी संघर्ष कर पार्टी को खड़ा किया है और जरूरत पड़ी तो दोबारा भी ऐसा करूंगी.’ ममता ने साथ ही आरोप लगाया कि उनके विरोधी उन्हें मरता हुआ देखना चाहते हैं. उन्होंने कहा, ‘बीजेपी चाहती थी कि मुझे दिल का दौरा पड़े. लेकिन मैं तब तक जिंदा रहूंगी, जब तक तुम्हारा अंत नहीं देख लेती.’
‘गद्दारों’ की ओर से जनता से मांगी माफी
ममता बनर्जी ने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उन्होंने कभी अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के लिए समझौता नहीं किया. उन्होंने भावुक होते हुए कहा, ‘मैं गद्दारों की ओर से जनता से माफी मांगती हूं. मैंने अपना विवेक कभी नहीं बेचा.’ उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों के दबाव में कई नेता पार्टी छोड़ रहे हैं और राजनीतिक सुविधा के लिए भाजपा का दामन थाम रहे हैं.
अभिषेक को बनाया जा रहा निशाना
ममता ने कहा कि अभिषेक बनर्जी और उनके परिवार के सदस्यों को कई बार केंद्रीय एजेंसियों ने तलब किया, लेकिन उन्होंने किसी तरह का समझौता नहीं किया. उन्होंने कहा, ‘अगर अभिषेक चाहते तो राहत पाने के लिए समझौता कर सकते थे, लेकिन उन्होंने मैदान नहीं छोड़ा. जिस तरह उन्होंने लड़ाई लड़ी, उससे उनकी सारी कमियां माफ हो जाती हैं.’
मदन मित्रा के आरोपों को किया खारिज
वरिष्ठ नेता मदन मित्रा के पार्टी छोड़ने और इसके लिए अभिषेक की कथित कार्यशैली को जिम्मेदार ठहराने के आरोपों को ममता ने सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने दावा किया कि मदन मित्रा के परिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का समन मिलने के बाद ही उन्हें अंदेशा हो गया था कि वह पार्टी छोड़ सकते हैं. ममता ने कहा कि उनके जाने का अभिषेक बनर्जी से कोई संबंध नहीं है.
भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
ममता बनर्जी ने भाजपा का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष को कमजोर करने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों और पुलिस का इस्तेमाल कर रही है. उन्होंने कहा कि डर और दबाव की राजनीति के जरिए नेताओं को दल बदलने के लिए मजबूर किया जा रहा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘जिनकी सेटिंग हो जाती है, वे भाजपा की वॉशिंग मशीन में चले जाते हैं.’
संघर्ष के पुराने दिनों को किया याद
ममता बनर्जी ने सिंगूर आंदोलन, कामदुनी और आरजी कर अस्पताल जैसे मुद्दों पर अपने संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा जनता के बीच रहकर लड़ाई लड़ी है. उन्होंने कहा कि 2004 के कठिन दौर के बाद जिस तरह तृणमूल कांग्रेस ने वापसी की थी, उसी तरह भविष्य में भी पार्टी हर चुनौती का सामना करेगी.
ये भी पढ़ें: ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही: मुख्य सचिव



