Saturday, May 23, 2026
HomeUser Interest CategoryEntertainmentTwisha Sharma Case : अभिनेत्री की मौत के बाद बड़ा एक्शन, फरार...

Twisha Sharma Case : अभिनेत्री की मौत के बाद बड़ा एक्शन, फरार पति भोपाल लाया गया, अब पुलिस पूछताछ में खुलेंगे कई राज

मॉडल से अभिनेत्री बनीं त्विषा शर्मा के कथित दहेज हत्या मामले में गिरफ्तार पति समर्थ सिंह को शुक्रवार देर रात जबलपुर से भोपाल लाया गया। आरोपी 10 दिन से फरार था और उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था। त्विषा के परिवार ने दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। हाईकोर्ट ने एम्स डॉक्टरों की टीम से दोबारा पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए हैं, जबकि पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है।

Twisha Sharma Case : भोपाल। भोपाल में मॉडल से अभिनेत्री बनीं त्विषा शर्मा (Twisha Sharma) की संदिग्ध मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को शुक्रवार देर रात जबलपुर से भोपाल लाया गया। पुलिस अब उसे अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए न्यायिक हिरासत की मांग करेगी।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, समर्थ सिंह को देर रात करीब 1:59 बजे कटारा हिल्स थाने लाया गया। वह पूर्व न्यायाधीश और भोपाल उपभोक्ता अदालत की चेयरपर्सन गिरिबाला सिंह का बेटा है।

भोपाल कोर्ट में आज होगी पेशी

भोपाल के पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने फोन पर बताया, उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस पूछताछ के लिए उसकी न्यायिक हिरासत का अनुरोध करेगी। मिसरोद के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रजनीश कश्यप के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) के सदस्य पुलिस वाहन से सिंह तथा उसके वकील को लेकर आधी रात के बाद थाने पहुंचे। सिंह 10 दिन से फरार था और लगातार पुलिस से बच रहा था। उसकी गिरफ्तारी की सूचना देने पर 30,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। समर्थ सिंह को शुक्रवार को जबलपुर पुलिस ने जबलपुर जिला न्यायालय परिसर से हिरासत में लिया था, जहां वह आत्मसमर्पण के लिए पहुंचा था।

समर्थ सिंह ने किया आत्मसर्पण

इससे पहले, दिन में समर्थ सिंह ने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत की अपनी याचिका वापस ले ली थी। इसके साथ ही समर्थ के पास आत्मसमर्पण करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था। मध्यप्रदेश सरकार की ओर से मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराए जाने की सिफारिश के बारे में पूछे जाने पर कुमार ने कहा कि स्थानीय पुलिस तब तक जांच जारी रखेगी जब तक कि केंद्रीय एजेंसी औपचारिक रूप से मामले को अपने हाथ में नहीं लेती। यह पूछे जाने पर कि क्या पुलिस द्वारा अंतिम नोटिस दिए जाने के बाद गिरिबाला सिंह ने अपना बयान दर्ज कराया था, आयुक्त ने कहा कि अधिकारी शुक्रवार को जबलपुर में उच्च न्यायालय में कार्यवाही में व्यस्त थे। उन्होंने कहा, हम जल्द से जल्द उनका बयान दर्ज करेंगे। पुलिस ने गिरिबाला सिंह को तीसरा और अंतिम नोटिस जारी किया था क्योंकि वह कथित तौर पर पूछताछ के लिए पेश नहीं हुई थीं।

त्विषा शर्मा (33) का शव 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला था। त्विषा के परिवार ने उसके ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता एवं दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। उच्च न्यायालय ने त्विषा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने के उसके परिजनों के अनुरोध को शुक्रवार को स्वीकार कर लिया। अदालत ने साथ ही निर्देश दिया कि दूसरा पोस्टमार्टम राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के चिकित्सकों की एक टीम द्वारा भोपाल में किया जाए। अदालत ने त्विषा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा की याचिका पर यह आदेश दिया है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular