जयपुर। दिल्ली में NSUI की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के मामले में राजस्थान कांग्रेस के नेता जयपुर में जीरो FIR दर्ज कराने की मांग पर अड़े हुए हैं। इस मुद्दे को लेकर सोमवार शाम से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत कई वरिष्ठ नेता जयपुर पुलिस कमिश्नरेट परिसर में धरने पर बैठे हैं।
कांग्रेस नेताओं की मांग है कि दिल्ली में रितु बराला के साथ हुई कथित घटना के संबंध में दिल्ली पुलिस के कर्मियों के खिलाफ राजस्थान में भी जीरो FIR दर्ज की जाए। नेताओं का कहना है कि जब तक पुलिस इस मामले में स्पष्ट जवाब नहीं देती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
रात 11 बजे प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज
विरोध प्रदर्शन के दौरान रात करीब 11 बजे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने कमिश्नरेट के बाहर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं के चोटिल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
वहीं, कमिश्नरेट परिसर के अंदर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अपनी मांगों को लेकर डटे रहे। इस दौरान वैभव गहलोत भी शाम को कमिश्नरेट परिसर पहुंचे।
डोटासरा ने उठाया जीरो FIR का मुद्दा
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में दर्ज कराई जाने वाली यह उनकी पहली FIR होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली में पहले से दर्ज FIR का कंटेंट अलग है। ऐसे में राजस्थान में जीरो FIR दर्ज किए जाने की मांग की जा रही है।
डोटासरा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173(1) का हवाला देते हुए पुलिस से पूछा कि क्या इस मामले में राजस्थान में जीरो FIR दर्ज की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा संभव है, तो पुलिस इस संबंध में लिखित जवाब दे।
FIR दर्ज नहीं होने पर बढ़ा विवाद
कांग्रेस नेता दिल्ली के पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं होने से नाराज हैं। इसी नाराजगी के चलते सोमवार शाम से कमिश्नरेट में धरना जारी है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। अब इस पूरे प्रकरण में पुलिस का अगला कदम और कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की दिशा महत्वपूर्ण होगी।



