Monday, May 11, 2026
HomeLatest Newsक्रुणाल पंड्या का बड़ा बयान, बोले- दिनेश कार्तिक की मेहनत ने बदल...

क्रुणाल पंड्या का बड़ा बयान, बोले- दिनेश कार्तिक की मेहनत ने बदल दी आरसीबी बल्लेबाजों की सोच और प्रदर्शन

Krunal Pandya : रायपुर। मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में क्रुणाल पंड्या (Krunal Pandya) ने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को यादगार जीत दिलाई। पूरी तरह फिट नहीं होने के बावजूद क्रुणाल ने 46 गेंदों में 73 रन की दमदार पारी खेली, जिसकी बदौलत आरसीबी आखिरी गेंद पर मुकाबला जीतने में सफल रही। इस जीत के साथ टीम अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई। मैच के बाद क्रुणाल ने आरसीबी की बल्लेबाजी में आए बड़े बदलाव का श्रेय टीम के मेंटोर और बल्लेबाजी कोच दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) को दिया। उन्होंने कहा कि कार्तिक ने खिलाड़ियों के साथ व्यक्तिगत रूप से काफी मेहनत की है और उनकी ताकत व कमजोरियों पर लगातार काम किया है। क्रुणाल के मुताबिक, डीके की रणनीति और खिलाड़ियों को आत्मविश्वास देने की कला का असर अब मैदान पर साफ दिखाई दे रहा है। आरसीबी के बल्लेबाज दबाव की परिस्थितियों में भी बेहतर फैसले ले रहे हैं, जिसका फायदा टीम को लगातार मिल रहा है।

क्रुणाल पंड्या ने दिनेश कार्तिक को दिया जीत का श्रेय

क्रुणाल ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, अगर आप पिछले साल और यहां तक ​​कि इस साल को भी देखें, तो बल्लेबाजी में सुधार का श्रेय दिनेश कार्तिक को जाता है। इस ऑलराउंडर ने कहा, उन्होंने (कार्तिक) प्रत्येक खिलाड़ी के साथ व्यक्तिगत रूप से काफी समय बिताया है। उनके मजबूत और कमजोर पक्षों को समझा और उन पर काम किया। वह हमेशा बल्लेबाजों की मदद करने के लिए तैयार रहते हैं। इसलिए इसमें कोई संदेह नहीं है कि हमारी टीम ने जिस तरह से बल्लेबाजी की है, उसका बहुत बड़ा श्रेय डीके (कार्तिक) को जाता है।

क्रुणाल ने कहा कि दबाव वाली परिस्थितियों में आरसीबी का स्पष्ट रवैया उसके लिए फायदेमंद साबित हुआ। उन्होंने कहा, हमने इस पर चर्चा की थी कि अगर कोई ऐसा गेंदबाज है जिसे आप पसंद करते हैं और आपको लगता है कि आप उसका सामना कर सकते हैं, तो बस उसकी छह गेंदों को अच्छी तरह से खेलें। क्रुणाल ने कहा, मैं क्रीज पर पांव जमा चुका था और मुझे लगा कि ऐंठन के कारण मेरे लिए एक-दो रन लेना बहुत मुश्किल हो रहा था। इसलिए मैंने सोचा, मैं बस खड़े रहकर सभी छह गेंदों का अच्छी तरह से सामना करता हूं और जितना संभव हो उसका फायदा उठाता हूं।

अपने आईपीएल करियर में अलग-अलग नंबर पर बल्लेबाजी कर चुके क्रुणाल ने कहा कि उन्हें मुश्किल परिस्थितियों में जिम्मेदारी लेना अच्छा लगता है। उन्होंने कहा, मुझे अच्छा लगता है कि टीम मुझ पर भरोसा करती है और मुझे अलग-अलग भूमिका सौंपती है। मैंने कभी भी व्यक्तिगत उपलब्धियों पर ध्यान नहीं दिया। मैं हमेशा टीम की स्थिति को समझने और उसे यथासंभव सरल तरीके से हल करने की कोशिश करता हूं।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular