Kangana Ranaut on Aishwarya Rai : मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता कंगना रनोट (Kangana Ranaut) ने हाल ही में ऐश्वर्या राय (Aishwarya Rai Bachchan) को ट्रोल करने वालों को करारा जवाब दिया है। दरअसल, ऐश्वर्या राय हर साल की तरह इस बार भी कान्स फिल्म फेस्टिवल (Cannes Film Festival) में अपने ग्लैमरस अंदाज से सुर्खियां बटोरती नजर आईं। उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं, जहां कई लोगों ने उनके ग्लोबल स्टारडम और खूबसूरती की जमकर तारीफ की, वहीं कुछ यूजर्स ने उनके लुक्स को लेकर ट्रोल करना शुरू कर दिया।
कंगना ने लगाई ट्रोलर्स की क्लास
अब कंगना रनोट ने ट्रोलर्स पर निशाना साधते हुए ऐश्वर्या का खुलकर समर्थन किया है। कंगना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐश्वर्या राय की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि फैशन और स्टाइल किसी भी इंसान की पहचान और खुद को अभिव्यक्त करने का तरीका होता है। हर व्यक्ति अपनी जिंदगी और सोच को अपने अंदाज में पेश करता है।

कंगना रनोट ने अपने बयान में आगे ऐश्वर्या राय बच्चन का समर्थन करते हुए ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया। कंगना ने लिखा, ऐश्वर्या बेहद खूबसूरत लग रही हैं। जो लोग उन्हें किसी और तरह देखना चाहते हैं, पहले वो खुद बताएं कि उनमें क्या खास है। वह यहां किसी को खुश करने नहीं आई हैं। वह शानदार हैं। अगर आपको रेड कार्पेट पर उम्रदराज महिलाओं को देखने की आदत नहीं है, तो अब इसकी आदत डाल लीजिए।
कंगना का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस भी इस पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोग कंगना के इस बेबाक अंदाज की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ इसे बॉलीवुड की बड़ी हस्तियों के बीच दिलचस्प बदलाव के तौर पर देख रहे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि यही कंगना रनोट पहले जया बच्चन पर कई बार निशाना साध चुकी हैं। कभी उन्होंने संसद में दिए गए बयान को लेकर जया बच्चन को ‘एरोगेंट’ कहा था, तो कभी यह टिप्पणी की थी कि लोग उन्हें सिर्फ इसलिए सहन करते हैं क्योंकि वह अमिताब बच्चन की पत्नी हैं। ऐसे में ऐश्वर्या राय के समर्थन में कंगना का यह बयान अब काफी चर्चा बटोर रहा है।

ऐश्वर्या ने लगाया अफवाहों को विराम
ऐश्वर्या राय बच्चन ने एक बार फिर कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपनी मौजूदगी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। हालांकि इस बार ऐश्वर्या कांस में थोड़ी देरी से पहुंचीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। दरअसल, हर साल की तरह इस बार भी ऐश्वर्या लोरियल पेरिस की ओर से कांस फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा बनीं। लेकिन उनसे पहले आलिया भट्ट के लोरियल टीम के साथ कांस पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर यह कयास लगाए जाने लगे थे कि आलिया ने ऐश्वर्या को रिप्लेस कर दिया है।
हालांकि क्लोजिंग सेरेमनी से पहले कांस पहुंचकर ऐश्वर्या ने इन सभी चर्चाओं पर विराम लगा दिया। उनके साथ बेटी आराध्या बच्चन भी इस खास इवेंट में नजर आईं। रेड कार्पेट पर ऐश्वर्या ने डिजाइनर अमित अग्रवाल के शानदार डिजाइनर गाउन में वॉक कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इसके बाद वह ब्लश पिंक ड्रेस में भी बेहद खूबसूरत अंदाज में नजर आईं, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं।



