Sunday, June 28, 2026
HomeCrime News'जस्टिस फॉर केतन' की गूंज, हजारों लोगों ने निकाला कैंडल मार्च, परिजनों...

‘जस्टिस फॉर केतन’ की गूंज, हजारों लोगों ने निकाला कैंडल मार्च, परिजनों ने आरोपियों के लिए फांसी की मांग की

पुणे। चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड को लेकर लोगों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को पुणे के लोधा बेलमोंडो टाउनशिप में बड़ी संख्या में लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर केतन को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान परिजन, मित्र, स्थानीय निवासी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग हाथों में मोमबत्तियां और ‘जस्टिस फॉर केतन’ लिखी तख्तियां लेकर शामिल हुए।

कैंडल मार्च में केतन अग्रवाल के माता-पिता और दादा भी मौजूद रहे। भावुक माहौल के बीच परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। केतन के पिता ने कहा कि परिवार बेटे की शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन अब उन्हें न्याय की लड़ाई लड़नी पड़ रही है। उन्होंने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई ही समाज में सही संदेश दे सकती है। मार्च के दौरान लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी और प्रशासन से मामले की सुनवाई में तेजी लाने की अपील की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस मामले में दोषियों को जल्द सजा मिलनी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। यह मामला तब सुर्खियों में आया जब शुरुआत में इसे एक हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच का दायरा बढ़ाया गया। मामले में मृतक की मंगेतर और उसके कथित प्रेमी सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है और जांच एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

इस बीच, महाराष्ट्र सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष लोक अभियोजक की नियुक्ति भी की है, ताकि अदालत में प्रभावी ढंग से पक्ष रखा जा सके। वहीं, पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी लड़ाई केवल अपने बेटे के लिए नहीं, बल्कि समाज में न्याय व्यवस्था पर लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए भी है। कैंडल मार्च के दौरान पूरे परिसर में ‘जस्टिस फॉर केतन’ के नारे गूंजते रहे। लोगों ने उम्मीद जताई कि निष्पक्ष और तेज सुनवाई के जरिए दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सकेगा।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image