जोधपुर। नगर निगम चुनाव के दौरान जोधपुर के वार्ड 10 और वार्ड 21 में मतदान के बीच हंगामा हो गया। दोनों जगह अलग-अलग घटनाओं में भाजपा और कांग्रेस समर्थक आमने-सामने आ गए। वार्ड 10 में विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव शुरू हो गया और एक बोलेरो कैंपर के शीशे तोड़ दिए गए। वहीं वार्ड 21 में फर्जी मतदान के आरोप को लेकर मतदान केंद्र के बाहर विवाद हुआ। हालात संभालने पहुंची पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की की सूचना है।
वार्ड 10 में पथराव, कैंपर में तोड़फोड़
वार्ड 10 के पाल बालाजी मंदिर के सामने मतदान के दौरान कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि इस दौरान एक भाजपा समर्थक की बोलेरो कैंपर को निशाना बनाकर पथराव किया गया, जिससे वाहन के शीशे टूट गए। अचानक हुए विवाद के बाद मतदान केंद्र के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बीच-बचाव में पुलिसकर्मी चोटिल
हंगामे की सूचना पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग करने और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि बीच-बचाव के दौरान एक-दो पुलिस जवानों को चोटें आई हैं। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने अतिरिक्त जाब्ता मौके पर बुलाया। भारी पुलिस बल के पहुंचने के बाद जवानों ने सख्ती दिखाते हुए दोनों पक्षों के समर्थकों को मौके से हटाया।
वार्ड 21 में फर्जी मतदान के आरोप पर हंगामा
वहीं वार्ड 21 के खेमें का कुआं स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के बायां भाग मतदान केंद्र के बाहर फर्जी मतदान के आरोप को लेकर हंगामा हो गया। आरोप है कि कुछ युवक स्कूल की ड्रेस पहनकर मतदान केंद्र के अंदर चले गए। इसी बात को लेकर भाजपा और कांग्रेस समर्थक आमने-सामने आ गए। विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता मौके पर पहुंचा और समर्थकों को वहां से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
DCP समेत पुलिस अधिकारी मौके पर
घटना के बाद DCP कमल शेखावत समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है और अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने हालात नियंत्रण में बताए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



