जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव 2026 के मतदान के दौरान राजधानी जयपुर के कई वार्डों से धांधली और फर्जी वोटिंग की खबरें सामने आई हैं। सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 49 और शहर के वार्ड 62 में फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन हुआ।
सांगानेर वार्ड 49: “असली वोटर के आने से पहले ही डल रहे वोट”
सांगानेर विधानसभा के वार्ड 49 स्थित श्रीराम पब्लिक स्कूल मतदान केंद्र पर उस समय तनाव फैल गया जब कांग्रेस प्रत्याशी धर्म सिंह सिंघानिया ने फर्जी मतदान का गंभीर आरोप लगाया। सिंघानिया अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ बूथ के बाहर धरने पर बैठ गए और चुनाव प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
कांग्रेस प्रत्याशी धर्म सिंह सिंघानिया का आरोप है कि मतदान केंद्र पर पहुंच रहे असली मतदाताओं को यह कहकर लौटाया जा रहा है कि उनका वोट पहले ही डाला जा चुका है। फर्जी लोग असली मतदाताओं की जगह फर्जी पहचान पत्र दिखाकर वोट भुना रहे हैं। हंगामे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश कर मामला शांत कराने में जुट गए।
वार्ड 62: 150 फर्जी वोटों की सेक्टर मजिस्ट्रेट से शिकायत
राजधानी के वार्ड संख्या 62 स्थित बूथ नंबर 23 पर भी फर्जी मतदान का मामला गरमा गया। यहां कांग्रेस उम्मीदवार और तीन निर्दलीय प्रत्याशियों ने एक जुट होकर सेक्टर मजिस्ट्रेट को लिखित शिकायत सौंपी।
प्रत्याशियों ने सेक्टर मजिस्ट्रेट को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया कि बूथ पर करीब 150 ऐसे मतदाताओं के फर्जी वोट डलवाए गए हैं, जो क्षेत्र छोड़कर कहीं और शिफ्ट हो चुके हैं। प्रत्याशियों ने इस पूरी वोटिंग प्रक्रिया को निरस्त करने और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
जयपुर के अन्य वार्डों में भी दिनभर बनी रही चुनावी हलचल
- वार्ड 114: पोलिंग बूथ के अंदर से प्रत्याशी को बाहर निकालने की मांग को लेकर सुबह-सुबह निर्दलीय उम्मीदवार और कांग्रेस प्रत्याशी के बीच नोकझोंक देखने को मिली।
- वार्ड 26: मंगलम सिटी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बूथ पर कांग्रेस प्रत्याशी ने मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं और कुप्रबंधन को लेकर कड़ा विरोध जताया।



