राजस्थान के जोधपुर में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अनीता बिश्नोई द्वारा कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग और आपत्तिजनक टिप्पणियों से मानसिक रूप से परेशान थीं. यह घटना जोधपुर के बनाड़ थाना क्षेत्र स्थित शिकारगढ़ की गोदारों की ढाणी की बताई जा रही है. हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है.

सोशल मीडिया पर लिखी थी ये बात
जान देने की कोशिश से पहले अनीता ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी. पोस्ट में लिखा था, “आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी.” इस मैसेज के सामने आने के बाद उनके परिचितों और परिवार के लोगों में चिंता बढ़ गई थी.
पति ने कही ये बात
अनीता के पति दीनाराम के अनुसार, उनकी पत्नी सोशल मीडिया पर राजस्थान की संस्कृति, सामाजिक जागरूकता और अन्य मुद्दों से जुड़े वीडियो बनाती हैं. हाल ही में महिलाओं के पहनावे से जुड़े एक वीडियो के बाद उन्हें काफी ट्रोल किया जाने लगा था.

दीनाराम का आरोप है कि कुछ सोशल मीडिया यूजर्स और कथित इंफ्लुएंसर्स लगातार उनकी पत्नी को निशाना बना रहे थे. उनके अनुसार, आलोचना, अभद्र टिप्पणियों और बदनाम करने की धमकियों के कारण अनीता मानसिक दबाव में आ गई थीं. उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों ने व्हाट्सएप पर भी अपमानजनक संदेश और धमकियां भेजी थीं.
अनीता ने घर में रखा कीटनाशक पीया
पति के अनुसार, घटना वाले दिन उन्हें एक परिचित का फोन आया, जिसने सोशल मीडिया पर अनीता की पोस्ट की जानकारी दी. इसके बाद जब वह घर पहुंचे तो पता चला कि अनीता ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया है. परिजनों ने तुरंत उन्हें मथुरा दास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट, कथित धमकियों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है. जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. यह घटना सोशल मीडिया पर बढ़ती ट्रोलिंग और ऑनलाइन उत्पीड़न के गंभीर प्रभावों को लेकर एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है.

ये भी पढ़ें: पटना में खान सर के कोचिंग पर हमले मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत 3 गिरफ्तार



