जोधपुर: जोधपुर नगर निगम में डिप्टी मेयर पद का चुनाव पूरा हो गया है। भाजपा के विजय सिंह पंवार डिप्टी मेयर चुने गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी अब्दुल करीम जॉनी को 52-48 के अंतर से हराया। जोधपुर में इससे पहले भाजपा के प्रसन्नचंद मेहता मेयर चुने जा चुके हैं।
विजय पंवार को मिले 52 वोट
डिप्टी मेयर चुनाव में विजय पंवार को 52 वोट, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल करीम जॉनी को 48 वोट मिले। जीत के बाद विजय पंवार ने कहा- “मेरा नाम विजय है, लेकिन भाजपा का सदस्य हूं, इसलिए विजय तय है।”विजय पंवार वार्ड 98 से भाजपा के पार्षद हैं। निकाय चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के एक प्रमुख राजनीतिक परिवार से जुड़े प्रत्याशी को हराया था। उन्हें भाजपा संगठन और RSS से नजदीकी रखने वाला नेता बताया जाता है।
मेयर पद भी BJP के पास
जोधपुर नगर निगम में मेयर पद पर भी भाजपा ने जीत दर्ज की है। 25 सितंबर को हुए चुनाव में भाजपा के प्रसन्नचंद मेहता ने कांग्रेस के राजेंद्र सिंह सोलंकी को हराया था। मेहता को 53 वोट मिले थे, जबकि सोलंकी को 47 वोट मिले।जोधपुर नगर निगम में कुल 100 वार्ड हैं। चुनाव के बाद भाजपा के पास 45 पार्षद और कांग्रेस के 44 पार्षद थे। बाद में सात निर्दलीय पार्षद भाजपा के साथ आ गए, जिससे भाजपा का आंकड़ा 52 तक पहुंच गया था। बहुमत के लिए 51 पार्षदों का समर्थन जरूरी था।



