Jharkhand Palamu Rail Accident: झारखंड के पलामू जिले में गुरुवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा हो गया, जब कोयले से लदी एक मालगाड़ी के 15 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा राजहरा स्टेशन के पास हुआ, जिसके चलते डालटनगंज और गढ़वा रोड जंक्शन के बीच रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया. राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है.
कोयली से लदी मालगाड़ी के 15 डिब्बे बेपटरी
जानकारी के अनुसार, यह हादसा पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के धनबाद मंडल के अंतर्गत दोपहर करीब 1 बजे हुआ. हादसे के समय मालगाड़ी कोयला लेकर जा रही थी. 15 डिब्बों के पटरी से उतरने के कारण रेल मार्ग पर परिचालन बाधित हो गया और कई यात्री ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट या बीच रास्ते में रोकना पड़ा.
ट्रैक बहाल करने का काम युद्धस्तर पर जारी
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्रा ने बताया कि अपलाइन पर मार्ग परिवर्तन के दौरान मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतर गए. उन्होंने कहा कि इस रेलखंड पर 2 लंबी मालगाड़ियां संचालित हो रही थीं, जिनमें कुल लगभग 116 डिब्बे शामिल थे. वहीं, राजहरा रेलवे स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक इंद्रजीत राम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त डिब्बों को हटाने और ट्रैक बहाल करने का कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया है. रेलवे की तकनीकी और राहत टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य बनाने में जुटी हैं.
कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट
हादसे के कारण कई यात्री ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है. रेलवे ने रांची-सासाराम एक्सप्रेस को रद्द कर दिया है. इसके अलावा रांची-चोपन एक्सप्रेस, गोमोह-चोपन पैसेंजर और बरकाकाना-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर को गंतव्य से पहले रोक दिया गया है. इसके साथ ही हटिया-आनंद विहार एक्सप्रेस, रांची-दिल्ली राजधानी, पलामू एक्सप्रेस और शक्तिपुंज एक्सप्रेस समेत 6 ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है.
ये भी पढ़ें: राजस्थान से BJP ने सतीश पूनिया और अलका गुर्जर को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार



