जयपुर: राजधानी के विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में घटी महेश मीणा की संदिग्ध मौत का मामला अब एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खौफनाक हत्या की साजिश निकला है। जिस पत्नी पर पति के लंबे जीवन की दुआएं मांगने की उम्मीद थी, उसी ने अपने पुराने प्रेमी के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी पत्नी कविता मीणा और उसके प्रेमी गणेश मीणा को गिरफ्तार कर लिया है।
दवाई दिलाने के बहाने ले गई, फिर जूस में मिला दिया ‘सल्फास’
पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि 5 अगस्त को कविता अपने पति महेश को दवाई दिलवाने के बहाने बाइक से बोराज लेकर निकली थी। वहां से दोनों बस्सी स्थित प्रसिद्ध नईनाथ धाम पहुंचे। पूर्व नियोजित साजिश के तहत, बस्सी में महेश को पाइनएप्पल का जूस पिलाया गया, जिसमें पहले से ही सल्फास (ज़हर) की गोलियां मिला दी गई थीं। जूस पीते ही महेश की हालत बिगड़ने लगी और उसे असहनीय दर्द होने लगा।
यह खबर भी पढ़ें:-लो-प्रोफाइल सांसद मन्नालाल रावत को बीजेपी ने क्यों दी बड़ी जिम्मेदारी? जानिए इस सरप्राइज फैसले के पीछे का सियासी गणित
मौत का तमाशा: 3 घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा महेश
हैरान कर देने वाली बात यह रही कि जहर असर करने के बाद महेश जब दर्द से तड़प रहा था, तब भी कविता और उसका प्रेमी उसे किसी नजदीकी अस्पताल ले जाने के बजाय करीब दो से तीन घंटे तक सड़क पर बाइक से घुमाते रहे। उनका इरादा साफ था—जब तक महेश की सांसें थम न जाएं, उसे डॉक्टरी इलाज न मिले। जब आरोपियों को लगा कि महेश अब बचने की स्थिति में नहीं है, तब साजिश को हादसे या अचानक बीमारी का रूप देने के लिए कविता ने महेश के भाई को फोन किया और कहा, “इनकी तबीयत अचानक बहुत खराब हो गई है, आप तुरंत आइए।”
गांव की एक आत्महत्या से आया खौफनाक आइडिया
पुलिस पूछताछ में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। कविता ने बताया कि उसके गांव में कुछ समय पहले एक शख्स ने सल्फास खाकर सुसाइड कर लिया था। उसी घटना को देखकर उसके दिमाग में पति को सल्फास देकर रास्ते से हटाने का ख्याल आया।
CCTV फुटेज और कॉल डिटेल ने खोली पोल
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महेश को मृत घोषित कर दिया था। शुरुआत में इसे स्वाभाविक मौत या अचानक तबीयत बिगड़ने का मामला माना जा रहा था, लेकिन पुलिस को परिजनों की आशंका पर शक हुआ। विश्वकर्मा थाना पुलिस ने जब इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले और कविता के फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकाली, तो पूरा सच शीशे की तरह साफ हो गया। फुटेज में जिस तरह से महेश को तड़पती हालत में बाइक पर घुमाया जा रहा था, उसने पुलिस के शक को पुख्ता सबूत में बदल दिया।
यह खबर भी पढ़ें:-भ्रष्टाचार की फाइलें खोलने की चेतावनी, मुख्यमंत्री विजय बोले- मुझे मजबूर न करें
7 साल पुराना अफेयर और शादी के 1.5 साल बाद खूनी अंत
जांच में सामने आया कि कविता और गणेश मीणा के बीच पिछले 6-7 सालों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कविता गणेश से ही शादी करना चाहती थी, लेकिन परिजनों ने उसकी शादी महेश से करा दी। शादी के महज डेढ़ साल के भीतर ही कविता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर महेश को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का खतरनाक प्लान तैयार कर लिया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि सल्फास की गोलियां कहां से खरीदी गई थीं और इस पूरे हत्याकांड में कौन-कौन शामिल था।



