Saturday, September 12, 2026
HomeLatest Newsजयपुर में पत्नी और 3 बेटियों की मौत से सनसनी: आरोपी पति...

जयपुर में पत्नी और 3 बेटियों की मौत से सनसनी: आरोपी पति मोबाइल छोड़कर फरार, जांच जारी

जयपुर में एक ही परिवार की चार मौतों के सनसनीखेज मामले की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। प्रारंभिक जांच में शेयर बाजार में हुए नुकसान और पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद को संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस को दंपती के कमरे में संघर्ष के संकेत मिले हैं और ईंट से सिर पर वार किए जाने की आशंका है। घटना के बाद आरोपी पति राहुल घर में अपना मोबाइल छोड़कर फरार हो गया।

जयपुर। राजधानी जयपुर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत के मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतकों में महिला गीता और उसकी तीन बेटियां शामिल हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का नजर आ रहा है और अब आरोपी पति राहुल की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना के पीछे शेयर बाजार में हुए भारी नुकसान और पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद को संभावित कारणों के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि जांच एजेंसी ने अभी किसी एक वजह को अंतिम रूप से तय नहीं किया है।

पति-पत्नी के कमरे में मिले संघर्ष के संकेत

जांच के दौरान पुलिस को दूसरी मंजिल पर स्थित राहुल और गीता के कमरे में संघर्ष के संकेत मिले हैं। प्रारंभिक आशंका है कि रात में दोनों के बीच विवाद हुआ और मारपीट के दौरान गीता के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया। घर के सामने वाले भूखंड में निर्माण कार्य चल रहा था, जहां सीमेंट की मोटी ईंटें रखी थीं। पुलिस जांच में सामने आया है कि राहुल वहां से दो ईंटें घर के अंदर लेकर आया था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं ईंटों से परिवार के सदस्यों के सिर पर हमला किया गया।

तीनों बेटियों पर भी हमले की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, पत्नी के साथ विवाद के बाद ग्राउंड फ्लोर पर अलग-अलग कमरों में सो रही तीनों बेटियों पर भी हमला किए जाने की आशंका है। इस घटना में गीता की तीन बेटियों नंदिनी, राधिका और गिरिशा की भी मौत हो गई। पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर पूरी घटना की कड़ी जोड़ने में जुटी है।

रात 1:30 बजे गीता ने पीहर में की थी आखिरी बात

जांच में एक अहम बात सामने आई है। गीता ने घटना से कुछ समय पहले रात करीब 1:30 बजे गुजरात में रहने वाले अपने पीहर पक्ष के लोगों से फोन पर बातचीत की थी। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उस बातचीत में गीता ने अपने परिवार को क्या बताया था। जांच का यह पहलू भी महत्वपूर्ण है कि गीता ने विवाद शुरू होने से पहले फोन किया था या झगड़े के बाद। पुलिस राहुल की रात के दौरान किसी अन्य व्यक्ति से हुई बातचीत और फोन गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

वारदात के बाद कपड़े बदले, पिता को चाय बनाकर दी

पुलिस जांच के अनुसार, घटना के बाद राहुल ने अपने कपड़े बदले। सुबह करीब 7 बजे उसने दूधवाले से दूध लिया और अपने पिता लक्ष्मीनाथ झा के लिए चाय भी बनाई। इसके बाद राहुल अपना मोबाइल घर पर छोड़कर फरार हो गया। सुबह करीब 9 बजे तक जब बहू और पोतियां कमरे से बाहर नहीं आईं तो लक्ष्मीनाथ झा ने उन्हें देखने के लिए घर के अंदर जाकर देखा। अलग-अलग कमरों में मां और बेटियों को खून से लथपथ हालत में देखने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

घर से आरोपी का मोबाइल बरामद

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली। जांच के दौरान राहुल का मोबाइल घर से बरामद हुआ है। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है। पुलिस परिवार के अन्य सदस्यों, पड़ोसियों और परिचितों से भी पूछताछ कर रही है। जांच टीम घटना से पहले और बाद की हर गतिविधि की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

गीता घर पर चलाती थी ब्यूटी पार्लर

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गीता घर पर ही ब्यूटी पार्लर चलाती थी। उसकी बड़ी बेटी नंदिनी निजी कॉलेज से बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और मां के काम में भी हाथ बंटाती थी। दूसरी बेटी राधिका 12वीं कक्षा में पढ़ रही थी, जबकि तीसरी बेटी गिरिशा आठवीं कक्षा की छात्रा थी। एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। फिलहाल पुलिस आरोपी राहुल की तलाश के साथ हत्या की वास्तविक वजह और वारदात की पूरी कड़ी स्पष्ट करने में जुटी है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image