Saturday, October 17, 2026
HomeLatest Newsजयपुर: वन-वे ट्रैफिक के विरोध में उतरे व्यापारी, दिवाली से पहले बाजार...

जयपुर: वन-वे ट्रैफिक के विरोध में उतरे व्यापारी, दिवाली से पहले बाजार बंद

दीपावली के त्योहार से पहले जयपुर के परकोटा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को लेकर विवाद गहरा गया है। सुभाष चौक, चांदी की टकसाल और हवामहल क्षेत्र में ट्रैफिक वन-वे किए जाने के निर्देशों के विरोध में शनिवार को कई बाजारों के व्यापारी सड़कों पर उतर आए।

जयपुर। दीपावली के त्योहार से पहले जयपुर के परकोटा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को लेकर विवाद गहरा गया है। सुभाष चौक, चांदी की टकसाल और हवामहल क्षेत्र में ट्रैफिक वन-वे किए जाने के निर्देशों के विरोध में शनिवार को कई बाजारों के व्यापारी सड़कों पर उतर आए। विरोध जताते हुए व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और यातायात व्यवस्था में बदलाव पर नाराजगी जाहिर की।

व्यापारियों का कहना है कि वन-वे व्यवस्था लागू होने से बाजारों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। इससे ग्राहकों की आवाजाही कम हुई है और कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों को आशंका है कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार के दौरान यह व्यवस्था लागू रहने से बिक्री पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।

व्यापारियों से चर्चा किए बिना लिया फैसला!
सुभाष चौक व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि यातायात पुलिस ने व्यापारियों से बातचीत किए बिना वन-वे व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि दीपावली नजदीक है और यह समय व्यापारियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में यातायात मार्गों में बदलाव से बाजारों में ग्राहकों की पहुंच प्रभावित होगी, जिसका सीधा असर व्यापार पर पड़ेगा। व्यापारियों का कहना है कि बाजारों में पहले से ही ग्राहकों की आवाजाही कारोबार के लिए महत्वपूर्ण है। यदि लोगों को दुकानों तक पहुंचने में परेशानी होगी, तो वे दूसरे बाजारों का रुख कर सकते हैं।

व्यापार के साथ पर्यटन पर भी असर की आशंका
व्यापारियों ने बताया कि सुभाष चौक से हवामहल की ओर जाने वाले मार्ग पर वन-वे व्यवस्था लागू होने से स्थानीय ग्राहकों के साथ पर्यटकों को भी परेशानी हो रही है। हवामहल और आसपास का परकोटा क्षेत्र जयपुर आने वाले पर्यटकों के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। ऐसे में यातायात व्यवस्था में बदलाव का असर स्थानीय व्यापार के साथ पर्यटन गतिविधियों पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है। व्यापारियों ने इस मुद्दे पर ट्रैफिक डीसीपी को ज्ञापन देने की तैयारी भी की। उनकी मांग है कि यातायात व्यवस्था निर्धारित करने से पहले बाजार प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की जाए, ताकि यातायात सुचारू रखने के साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित न हों।

जयपुर व्यापार महासंघ ने भी जताई चिंता
जयपुर व्यापार महासंघ के महासचिव सुरेश सैनी ने कहा कि दीपावली के दौरान जयपुर में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे समय में यातायात मार्गों पर वन-वे व्यवस्था लागू होने से बाजारों तक पहुंच प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि कभी सड़क पर कट बंद कर दिए जाते हैं तो कभी वन-वे व्यवस्था लागू कर दी जाती है। इस तरह के बदलावों से व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सैनी के अनुसार, व्यापारियों ने इसी परेशानी के चलते विरोध का रास्ता अपनाया है। व्यापारियों की मांग है कि यातायात प्रबंधन ऐसा हो, जिससे शहर में जाम की समस्या का समाधान भी हो और बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही भी बनी रहे।

बाजार बंद करने पर व्यापारियों में मतभेद
हालांकि, विरोध के बावजूद सभी व्यापारियों में प्रतिष्ठान बंद रखने को लेकर एकराय नहीं दिखी। पुराना आमेर रोड से हवामहल तक के कुछ बाजारों में दुकानें बंद रहीं, जबकि कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान खुले रखे। त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापारियों की नाराजगी के बीच अब नजर इस बात पर है कि पुलिस प्रशासन उनकी मांगों पर क्या कदम उठाता है। व्यापारियों को उम्मीद है कि प्रशासन के साथ बातचीत के जरिए ऐसा रास्ता निकलेगा, जिससे यातायात व्यवस्था भी सुचारू रहे और दीपावली के दौरान बाजारों का कारोबार भी प्रभावित न हो।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image