Sunday, October 4, 2026
HomeIndiaजयपुर में स्टूडेंट्स पर पुलिस लाठीचार्ज, शिक्षक के थप्पड़कांड के बाद सड़कों...

जयपुर में स्टूडेंट्स पर पुलिस लाठीचार्ज, शिक्षक के थप्पड़कांड के बाद सड़कों पर उतरे छात्र

जयपुर में एक बड़ा विवाद तब खड़ा हो गया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें कथित तौर पर एक टीचर एक कोचिंग क्लासरूम के अंदर एक स्टूडेंट के साथ मारपीट कर रहा था। गोपालपुरा बाईपास के पास कलाम एकेडमी में हुई इस घटना के बाद स्टूडेंट्स ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए बल प्रयोग किया। खबर है कि कोचिंग इंस्टीट्यूट ने टीचर के खिलाफ कार्रवाई की है और उसे इंस्टीट्यूट से निकाल दिया है। टीचर का स्टूडेंट से माफी मांगते हुए एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और आगे की जांच चल रही है।

जयपुर। राजधानी जयपुर में गोपालपुरा बाईपास स्थित एक कोचिंग संस्थान में छात्र की शिक्षक द्वारा कथित पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया। क्लासरूम में छात्र को थप्पड़ मारने और लात मारकर बाहर निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विद्यार्थियों में नाराजगी फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया।

मामला रिद्धि-सिद्धि तिराहे के पास स्थित एक कोचिंग संस्थान का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, क्लास चलने के दौरान एक छात्र ने शिक्षक के पास एक पर्ची भेजी थी। पर्ची में लिखी बात को लेकर शिक्षक नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने छात्र को पूरी क्लास के सामने खड़ा कर दिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।

16 सेकंड के वीडियो में कई थप्पड़

घटना से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इनमें से एक वीडियो करीब 16 सेकंड का है। इसमें शिक्षक छात्र को लगातार थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के अनुसार, कुछ ही सेकंड के भीतर छात्र को कई थप्पड़ मारे गए।

वहीं, करीब 13 सेकंड के दूसरे वीडियो में शिक्षक छात्र को पैर से मारते और फिर उसे क्लासरूम से बाहर निकालते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान मौजूद किसी छात्र ने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो वायरल होने के बाद सड़क पर उतरे छात्र

रविवार को वीडियो सामने आने के बाद कोचिंग क्षेत्र में छात्रों का आक्रोश बढ़ गया। छात्र नेता मनोज मीणा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में विद्यार्थी त्रिवेणी नगर चौराहे और गोपालपुरा बाईपास स्थित कलाम कोचिंग के बाहर जुट गए।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने सड़क पर जाम लगाकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन बढ़ने के साथ मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। जब छात्र सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराने की कोशिश की।

कोचिंग प्रबंधन ने शिक्षक को नौकरी से निकाला

विवाद बढ़ने के बाद कोचिंग प्रबंधन की ओर से भी कार्रवाई की गई। संस्थान ने घटना की निंदा करते हुए छात्र, उसके अभिभावकों और अन्य विद्यार्थियों से माफी मांगी। प्रबंधन के मुताबिक, संबंधित शिक्षक को तत्काल प्रभाव से नौकरी से हटा दिया गया है। इसी बीच शिक्षक का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह छात्र के सामने हाथ जोड़कर अपनी हरकत के लिए माफी मांगते नजर आ रहे हैं।

FIR दर्ज, जांच जारी

घटना के बाद पुलिस ने इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ाई है। दी गई जानकारी के मुताबिक, पीड़ित पक्ष और छात्र प्रतिनिधियों की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो समेत अन्य तथ्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image