झोटवाड़ा पंचायत समिति मतदान में सबसे आगे, किशनगढ़ रेनवाल में सबसे कम मतदान दर्ज
जयपुर। जयपुर ग्रामीण में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। शाम 6 बजे तक जिले में कुल 67.60 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के आंकड़ों के अनुसार, झोटवाड़ा पंचायत समिति में सर्वाधिक 72.02 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई, जबकि किशनगढ़ रेनवाल में सबसे कम 62.71 प्रतिशत मतदान हुआ।
जयपुर ग्रामीण की आठ पंचायत समितियों में कुल 7 लाख 43 हजार 640 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 5 लाख 2 हजार 736 मतदाताओं ने मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। जिले की सभी 146 वार्डों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मतदान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
पंचायत समिति के अनुसार, झोटवाड़ा में 72.02 प्रतिशत मतदान हुआ। मौजमाबाद में 70.19 प्रतिशत और दूदू में 69.87 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। वहीं, जोबनेर में 69.60 प्रतिशत, चौमूं में 67.84 प्रतिशत और गोविंदगढ़ में 66.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इसके अलावा सांभर पंचायत समिति में 65.04 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। किशनगढ़ रेनवाल में 62.71 प्रतिशत मतदान हुआ, जो जिले की आठ पंचायत समितियों में सबसे कम रहा।
पहले चरण के मतदान के दौरान मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रहने से प्रशासन ने राहत की सांस ली। अब पहले चरण के मतदान के बाद सभी की निगाहें चुनाव परिणामों पर टिक गई हैं। परिणाम सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं ने किन उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है।



