जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में दिवाली के त्योहार से पहले नकली नोटों का मामला सामने आया है। पुलिस ने 3 लाख 45 हजार रुपये के नकली नोटों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 500-500 रुपये के कुल 690 नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी इन नोटों को त्योहारी सीजन के दौरान बाजार में चलाने की फिराक में था।
भट्टा बस्ती से आरोपी गिरफ्तार
स्पेशल कमिश्नर ऑपरेशन ओमप्रकाश के मुताबिक, पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (CST) ने रविवार को कार्रवाई करते हुए शाहबाज खान नाम के 33 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी जयपुर के नाहरी का नाका स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का निवासी है। पूछताछ में सामने आया कि वह नकली नोट पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके से लेकर आया था।
एक लाख के असली नोट के बदले तीन लाख के नकली नोट
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि एक लाख रुपये के असली नोटों के बदले तीन लाख रुपये के नकली नोट देने की योजना थी। पुलिस अब इस मामले में आरोपी के स्थानीय संपर्कों और नकली नोटों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
सीरियल नंबर की गड़बड़ी से खुला राज
बरामद किए गए नकली नोट पहली नजर में असली जैसे दिखाई दे रहे थे। इनकी कागज की गुणवत्ता, छपाई और आकार भी काफी हद तक असली नोटों के समान नजर आ रहे थे। नोटों पर वाटरमार्क जैसी विशेषता भी दिखाई देने की बात सामने आई है। हालांकि, बारीकी से जांच करने पर नोटों के ऊपर और नीचे छपे सीरियल नंबर अलग-अलग मिले। उदाहरण के तौर पर, एक ही नोट पर ऊपर की तरफ ODG 787737 और नीचे ODG 787731 अंकित था। असली नोट में दोनों स्थानों पर सीरियल नंबर एक समान होता है। इसी गड़बड़ी ने नोटों के नकली होने का संदेह मजबूत किया।
त्योहारी सीजन में नकली नोटों को लेकर सतर्कता
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान बाजार में नकली नोट खपाने की कोशिशें सामने आ सकती हैं। ऐसे में पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर नकली नोटों की सप्लाई के स्रोत और संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।



