जयपुर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से शनिवार को जयपुर में आयोजित आयुर्वेदिक PG परीक्षा के दौरान तकनीकी खराबी को लेकर हंगामा हो गया। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सत्य साईं PG कॉलेज में परीक्षा के दौरान अचानक बिजली चली गई, जिसके बाद कई कंप्यूटर बंद हो गए।परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होनी थी। अभ्यर्थियों के मुताबिक, परीक्षा शुरू होने के करीब 20 मिनट बाद अचानक कई सिस्टम बंद हो गए। सेंटर की ओर से इसे पावर सप्लाई में खराबी बताया गया।
छात्रों ने लगाए नकल के आरोप
बिजली और सिस्टम की समस्या के बीच कुछ कंप्यूटर चालू रहने की बात सामने आई। इसके बाद छात्रों ने आरोप लगाया कि कुछ अभ्यर्थी आपस में बातचीत कर रहे थे और नकल कर रहे थे।छात्रों का आरोप है कि यह सब सेंटर के ऑब्जर्वर के सामने हुआ, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। काफी देर तक परीक्षा दोबारा शुरू नहीं होने पर अभ्यर्थियों ने सेंटर के बाहर हंगामा किया।छात्रों ने मांग की कि परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित किया जाए, ताकि सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।
ऑब्जर्वर ने क्या कहा?
सेंटर की ऑब्जर्वर डॉ. हर्षिता सचदेवा ने बताया कि पावर सप्लाई में दिक्कत के कारण करीब आधे कंप्यूटर बंद हो गए थे। उनके मुताबिक, बिजली की सप्लाई बार-बार आ और जा रही थी, जिसके कारण कुछ सिस्टम काम कर रहे थे जबकि कुछ बंद हो गए।छात्रों को बताया गया कि इस सेंटर पर परीक्षा दोबारा आयोजित कराई जा सकती है।
सेंटर के बाहर पुलिस तैनात
विवाद के बाद सेंटर के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया। छात्रों का कहना है कि परीक्षा में तकनीकी गड़बड़ी के कारण उनका समय और तैयारी प्रभावित हुई है।शनिवार को दूसरी शिफ्ट में होम्योपैथिक PG परीक्षा भी आयोजित होनी थी। इस दौरान भी अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्रों के मुताबिक, बायोमेट्रिक सिस्टम काम नहीं करने के कारण एंट्री को लेकर हंगामा हुआ।मामले की स्थिति को संभालने के लिए ADM भी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर समझाइश की।फिलहाल परीक्षा में हुई तकनीकी गड़बड़ी और छात्रों की शिकायतों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।



