मुंबई। बॉलीवुड एक्टर अर्जुन रामपाल ने अपनी लंबे समय से पार्टनर गैब्रिएला डेमेट्रियड्स के साथ शादी रजिस्टर करा ली है। दोनों ने शुक्रवार को गोवा के मापुसा स्थित सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में कानूनी प्रक्रिया पूरी की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान दोनों के करीबी दोस्त भी मौजूद रहे।शादी गोवा के यूनिफॉर्म सिविल कोड के तहत रजिस्टर हुई। स्थानीय नियमों के मुताबिक शादी की प्रक्रिया में पहले और दूसरे हस्ताक्षर के बीच 15 दिन का अंतर होता है। हालांकि, कपल ने इस अवधि में छूट के लिए स्थानीय कोर्ट से विशेष अनुमति ली थी।अर्जुन और गैब्रिएला शाम करीब 4 बजे सब-रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचे थे। दोनों इस दौरान कैजुअल लुक में नजर आए। फिलहाल उनकी रजिस्टर्ड शादी की कोई तस्वीर सामने नहीं आई है।
2018 से रिलेशनशिप में हैं अर्जुन और गैब्रिएला
अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला डेमेट्रियड्स 2018 से साथ हैं। गैब्रिएला साउथ अफ्रीकी मॉडल, फैशन डिजाइनर और एंटरप्रेन्योर हैं।दोनों का पहला बेटा एरिक 2019 में पैदा हुआ था। इसके करीब चार साल बाद 2023 में उनके दूसरे बेटे एरिव का जन्म हुआ। साल 2025 में अर्जुन ने गैब्रिएला से अपनी सगाई की जानकारी भी साझा की थी।अर्जुन की उम्र 53 साल है, जबकि गैब्रिएला 39 साल की हैं। दोनों की उम्र में 14 साल का अंतर है।अर्जुन रामपाल ने इससे पहले एक इंटरव्यू में गैब्रिएला के साथ शादी को लेकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि दोनों अपने रिश्ते को पहले से ही शादी जैसा मानते हैं और उनके लिए शादी सिर्फ कानूनी कागज तक सीमित नहीं है।उन्होंने यह भी कहा था कि वह शादी के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन उन्हें लगता था कि उनके रिश्ते की खूबसूरती सिर्फ शादी के कागज से तय नहीं होती।
मेहर जेसिया से हो चुका है तलाक
अर्जुन रामपाल की यह दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी पूर्व सुपरमॉडल मेहर जेसिया से 1998 में हुई थी। दोनों की दो बेटियां माहिका और मायरा हैं।करीब 20 साल साथ रहने के बाद अर्जुन और मेहर ने मई 2018 में अलग होने का ऐलान किया था। नवंबर 2019 में दोनों का तलाक हो गया।इसके बाद अर्जुन की जिंदगी में गैब्रिएला की एंट्री हुई। दोनों पिछले कई सालों से साथ हैं और अब उन्होंने अपने रिश्ते को कानूनी रूप से भी शादी का रूप दे दिया है।



