Saturday, August 22, 2026
HomeIndiaजयपुर में आयुर्वेदिक PG एंट्रेंस एग्जाम के दौरान बिजली गुल, 49 स्टूडेंट्स...

जयपुर में आयुर्वेदिक PG एंट्रेंस एग्जाम के दौरान बिजली गुल, 49 स्टूडेंट्स की परीक्षा रद्द…1 सितंबर को होगा री-एग्जाम

जयपुर में NTA के आयुर्वेदिक PG एंट्रेंस एग्जाम के दौरान बिजली गुल होने से कई कंप्यूटर बंद हो गए। पहली शिफ्ट की परीक्षा रद्द कर दी गई। परीक्षा नहीं दे पाने वाले 49 स्टूडेंट्स का री-एग्जाम 1 सितंबर को जयपुर में होगा।

जयपुर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित आयुर्वेदिक PG एंट्रेंस एग्जाम के दौरान शनिवार को जयपुर में तकनीकी समस्या के चलते हंगामा हो गया। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सत्य साईं पीजी कॉलेज में सुबह 10 बजे से शुरू हुई कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा के करीब 20 मिनट बाद अचानक बिजली की सप्लाई बाधित हो गई। इसके कारण कई अभ्यर्थियों के कंप्यूटर बंद हो गए और वे परीक्षा पूरी नहीं कर सके। पावर सप्लाई में गड़बड़ी के बाद अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए NTA ने पहली शिफ्ट की परीक्षा रद्द कर दी। एजेंसी ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा नहीं दे पाने वाले 49 स्टूडेंट्स के लिए 1 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। री-एग्जाम का सेंटर राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन, जयपुर रखा गया है।

परीक्षा शुरू होने के 20 मिनट बाद बंद हुए कंप्यूटर

परीक्षा देने पहुंची डॉ. सुधा शर्मा ने बताया कि परीक्षा का समय सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक था। परीक्षा शुरू होने के करीब 20 मिनट बाद अचानक कई स्टूडेंट्स के कंप्यूटर बंद हो गए। परीक्षा निरीक्षक ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली चली गई है और जल्द ही सप्लाई बहाल हो जाएगी। ऑब्जर्वर डॉ. हर्षिता सचदेवा के अनुसार, सेंटर पर पावर सप्लाई में समस्या थी। इसके चलते करीब आधे कंप्यूटर बंद हो गए, जबकि कुछ कंप्यूटर काम कर रहे थे। बिजली की सप्लाई बार-बार आने-जाने के कारण परीक्षा संचालन प्रभावित हुआ।

दूसरी शिफ्ट में भी बायोमेट्रिक सिस्टम ने बढ़ाई परेशानी

शनिवार को दूसरी शिफ्ट में होम्योपैथिक PG एग्जाम भी आयोजित होना था। परीक्षा दोपहर 3 बजे शुरू होनी थी और अभ्यर्थियों की एंट्री दोपहर 1 बजे तक होनी थी। हालांकि, एंट्री में देरी हुई और स्टूडेंट्स को करीब 3 बजे प्रवेश दिया गया। इसके बाद बायोमेट्रिक सिस्टम में तकनीकी खराबी के चलते अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नाराज स्टूडेंट्स ने परीक्षा हॉल के बाहर हंगामा किया।

UGC-NET परीक्षा को लेकर भी NTA पर उठे सवाल

NTA की परीक्षा व्यवस्था को लेकर हाल के दिनों में लगातार सवाल उठते रहे हैं। UGC-NET की इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षाओं में प्रश्नपत्रों में स्पेलिंग और प्रिंटिंग से जुड़ी गलतियां सामने आने के बाद इन परीक्षाओं को रद्द कर दोबारा कराने का फैसला लिया गया था। इन विषयों की परीक्षाएं 9 और 10 सितंबर को आयोजित की जानी हैं। NTA ने बताया था कि प्रश्नपत्रों में पहले पूछे जा चुके सवाल भी दोहराए गए थे। अभ्यर्थियों की आपत्तियों के बाद एजेंसी ने दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया।

NTA की परीक्षा व्यवस्था फिर सवालों के घेरे में

आयुर्वेदिक PG एंट्रेंस एग्जाम के दौरान बिजली और तकनीकी व्यवस्था में आई खामी के बाद एक बार फिर NTA की परीक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। अभ्यर्थियों की मांग है कि री-एग्जाम के दौरान सेंटर पर बिजली, कंप्यूटर सिस्टम, बायोमेट्रिक और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की पर्याप्त जांच पहले से सुनिश्चित की जाए।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image