Friday, September 11, 2026
Homechunavi halchalजयपुर नगर निगम चुनाव 2026: संवेदनशील बूथों पर प्रत्याशियों में हंगामा, दीया...

जयपुर नगर निगम चुनाव 2026: संवेदनशील बूथों पर प्रत्याशियों में हंगामा, दीया कुमारी ने डाला वोट

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में मतदान शुरू होते ही कई संवेदनशील बूथों पर विवाद सामने आए। वार्ड 114 में प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प की स्थिति बनी, जबकि वार्ड 26 में कांग्रेस प्रत्याशी ने एजेंट को लेकर हंगामा किया। डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने भी मतदान किया। जयपुर में 723 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है और 24.23 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

जयपुर। जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए मतदान शुरू हो गया है। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के साथ ही शहर के कुछ संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विवाद और प्रत्याशियों के बीच तनातनी की खबरें सामने आईं। वहीं डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने भी मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लिया। वार्ड 114 में धाभाई जी का खुर्रा स्थित कसेरियों की धर्मशाला में बनाए गए मतदान केंद्र पर मतदान शुरू होते ही विवाद हो गया। कांग्रेस प्रत्याशी के मतदान केंद्र के अंदर मौजूद होने पर निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने आपत्ति जताई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झड़प की स्थिति बन गई।

वार्ड 26 में एजेंट को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी का हंगामा

वार्ड 26 के मंगलम सिटी गवर्मेंट स्कूल स्थित बूथ पर भी विवाद सामने आया। यहां कांग्रेस प्रत्याशी अनिता देवी ने मतदान केंद्र पर कांग्रेस के एजेंट के नहीं बैठने को लेकर विरोध जताया और हंगामा किया। घटना के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया। वहीं झोटवाड़ा के वार्ड 27 में महात्मा गांधी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बाढ़ पितावास बूथ पर बीजेपी प्रत्याशी शंकर लाल यादव मतदाताओं से वोट मांगते नजर आए। उन्होंने मतदाताओं के पैर पकड़कर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।

जयपुर में 723 उम्मीदवार, 24 लाख से ज्यादा मतदाता

जयपुर नगर निगम चुनाव में इस बार कुल 723 उम्मीदवार मैदान में हैं। शहर के 24 लाख 23 हजार से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर वार्ड की कमान अगले कार्यकाल के लिए किसके हाथ में होगी, इसका फैसला करेंगे। मतदान के लिए जयपुर में कुल 2,256 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। बीजेपी और कांग्रेस के प्रत्याशियों के अलावा क्षेत्रीय दलों, निर्दलीय उम्मीदवारों और विभिन्न संगठनों से जुड़े प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं।

कई वार्डों में कड़ा मुकाबला

चुनाव में कई वार्डों में मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है। 4 वार्ड ऐसे हैं, जहां 10 से ज्यादा प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं 16 वार्डों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में से 50 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। सुरक्षा और निगरानी के लिहाज से 652 बूथों को क्रिटिकल बूथ की श्रेणी में रखा गया है।

14 सितंबर को आएगा चुनाव परिणाम

नगर निगम चुनाव के नतीजे 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे। परिणाम आने के बाद महापौर और उप महापौर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी।

आखिरी दिन प्रत्याशियों ने झोंकी पूरी ताकत

मतदान से पहले बुधवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। वार्डों में दिनभर जनसंपर्क, रैलियां, नुक्कड़ सभाएं और घर-घर जाकर वोट मांगने का सिलसिला चलता रहा। प्रत्याशियों ने स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कई वार्डों में सड़क और सीवर प्रमुख मुद्दे रहे, जबकि कुछ इलाकों में सफाई, पानी, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण और आवारा पशुओं की समस्या को लेकर उम्मीदवारों ने मतदाताओं से समर्थन मांगा।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image