Thursday, September 24, 2026
HomeLatest Newsजयपुर नगर निगम चुनाव: 17 वार्डों में सीधी टक्कर, 35 में त्रिकोणीय...

जयपुर नगर निगम चुनाव: 17 वार्डों में सीधी टक्कर, 35 में त्रिकोणीय मुकाबला…वार्ड 62 में सबसे बड़ी फाइट

जयपुर नगर निगम चुनाव में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 150 वार्डों की तस्वीर साफ हो गई है। कुल 723 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 17 वार्डों में दो-दो उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला होगा, जबकि 35 वार्डों में त्रिकोणीय फाइट देखने को मिलेगी। वार्ड 62 में सबसे ज्यादा 13 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि वार्ड 130 और 16 में 11-11 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

जयपुर। जयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। नगर निगम के 150 वार्डों के लिए कुल 723 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन सभी प्रत्याशियों के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा। नामांकन वापसी और नामांकन पत्रों की जांच के बाद कई वार्डों में मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। खास बात यह है कि 17 वार्डों में सिर्फ दो-दो प्रत्याशी मैदान में हैं, जिसके चलते यहां सीधा मुकाबला होगा। वहीं, 35 वार्ड ऐसे हैं जहां तीन-तीन उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं और इन सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है।

17 वार्डों में होगा सीधा मुकाबला

जिला निर्वाचन शाखा की रिपोर्ट के अनुसार जयपुर नगर निगम के 17 वार्डों में अब केवल दो-दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं। इन वार्डों में नामांकन खारिज होने और नाम वापसी के बाद मुकाबला सीधे दो उम्मीदवारों के बीच रह गया है। सीधे मुकाबले वाले वार्ड हैं:- वार्ड 41, वार्ड 42, वार्ड 45, वार्ड 49, वार्ड 52, वार्ड 53, वार्ड 60, वार्ड 83, वार्ड 90, वार्ड 91, वार्ड 94, वार्ड 122, वार्ड 123, वार्ड 129, वार्ड 131, वार्ड 142, वार्ड 150…इन सीटों पर चुनावी मुकाबला पूरी तरह आमने-सामने का होगा। ऐसे में दोनों प्रमुख प्रत्याशियों के लिए एक-एक वोट बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है।

35 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबला

जयपुर नगर निगम चुनाव में 35 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति बनी है। इन सभी वार्डों में तीन-तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। तीन उम्मीदवार होने के कारण इन सीटों पर मुकाबला काफी रोचक हो सकता है। यहां किसी एक प्रत्याशी के पक्ष में वोटों का ध्रुवीकरण होने के बजाय तीनों उम्मीदवारों के बीच वोटों का बंटवारा चुनाव परिणाम को प्रभावित कर सकता है।

वार्ड 62 में सबसे ज्यादा 13 प्रत्याशी

जयपुर नगर निगम चुनाव में सबसे ज्यादा उम्मीदवार वार्ड संख्या 62 में हैं। यहां कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। इसके अलावा:- वार्ड 130 में 11 प्रत्याशी, वार्ड 16 में 11 प्रत्याशी, वार्ड 132 में 10 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इन वार्डों में उम्मीदवारों की संख्या अधिक होने के कारण मुकाबला काफी रोचक रहने की संभावना है। खासतौर पर वार्ड 62 पर चुनावी नजरें बनी रहेंगी, जहां 13 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

आज होगा चुनाव चिह्नों का आवंटन

नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनाव मैदान में बचे सभी 723 प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग की ओर से बीजेपी, कांग्रेस और अन्य मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के निर्धारित चुनाव चिह्नों के अलावा निर्दलीय और अन्य प्रत्याशियों के लिए निर्धारित चुनाव चिह्नों में से आवंटन किया जाएगा। चुनाव चिह्न मिलने के बाद प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार और ज्यादा तेज होने की संभावना है।

11 सितंबर को होगा मतदान

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में चुनाव के लिए 11 सितंबर को मतदान होना है। नाम वापसी के बाद अब सभी प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। 17 वार्डों में सीधी टक्कर, 35 वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबले और कई वार्डों में बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के मैदान में होने से इस बार जयपुर नगर निगम चुनाव बेहद दिलचस्प रहने वाला है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image