जयपुर। राजधानी जयपुर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही को लेकर स्वायत्त शासन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शासन सचिव रवि जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर की स्वच्छता को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब जोन उपायुक्तों और मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों को प्रतिदिन फील्ड में उतरकर अपने-अपने क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करना होगा। साथ ही निरीक्षण और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट रोजाना मुख्यालय भेजनी होगी।
सोमवार को जयपुर के समस्त जोन उपायुक्तों के साथ आयोजित बैठक में शासन सचिव रवि जैन ने शहर के विभिन्न इलाकों में बने कचरा पॉइंट्स और सफाई व्यवस्था में सामने आ रही लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का जायजा लें। निरीक्षण और रिपोर्टिंग में किसी तरह की ढिलाई पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कचरा पॉइंट्स खत्म करने के निर्देश, कॉलोनियों और बाजारों पर भी नजर
शासन सचिव ने कहा कि शहर की स्वच्छता केवल मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। आवासीय कॉलोनियों, आंतरिक मार्गों, सब्जी मंडियों और बाजारों में भी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चिन्हित कचरा पॉइंट्स को समाप्त करने और वहां दोबारा कचरा एकत्रित नहीं होने देने के निर्देश दिए। इसके लिए कचरा संग्रहण और निस्तारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
दुकानों के बाहर डस्टबिन नहीं मिला तो कटेगा चालान
बैठक में दुकानदारों की जिम्मेदारी तय करने को लेकर भी शासन सचिव ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिए कि दुकानों के बाहर डस्टबिन नहीं रखने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अधिकाधिक चालान जारी किए जाएं। नियमों की अवहेलना करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दुकानदार की जिम्मेदारी है कि वह अपनी दुकान के आसपास स्वच्छता बनाए रखे और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डाले।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की होगी नियमित मॉनिटरिंग
शासन सचिव ने घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को भी नियमित और प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवासीय क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए कचरा संग्रहण वाहनों की आवाजाही और निर्धारित रूट के अनुसार उनके संचालन की निगरानी की जाए। किसी भी क्षेत्र में अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
शासन सचिव रवि जैन ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार केवल कागजी कार्रवाई से नहीं, बल्कि नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई से ही संभव है। बैठक में नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा, अतिरिक्त निदेशक डीएलबी डॉ. अशोक कुमार, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम नरेंद्र कुमार बंसल, मुख्य अभियंता प्रदीप गर्ग सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



