Jorhat AN-32 Crash : जोरहाट। भारतीय वायुसेना का एक एएन-32 परिवहन विमान शनिवार को असम के जोरहाट एयरबेस पर हादसे का शिकार हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान की लैंडिंग के दौरान तकनीकी गड़बड़ी के बाद उसमें विस्फोट हुआ और देखते ही देखते आग लग गई। घटना के बाद एयरबेस पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय किया गया।
भारतीय वायुसेना का AN-32 विमान क्रैश
सूत्रों के मुताबिक, यह विमान नियमित उड़ान पर था और जोरहाट एयरबेस पर उतरते समय हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि विमान निर्धारित लैंडिंग स्ट्रिप पर सुरक्षित तरीके से उतर नहीं सका, जिसके बाद उसमें धमाका हुआ और आग भड़क उठी। हादसा एयरबेस परिसर के भीतर ही हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही एयरबेस पर मौजूद फायर ब्रिगेड और आपातकालीन प्रतिक्रिया दल मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू कर दिया।
सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया और राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया। फिलहाल विमान में सवार चालक दल और अन्य कर्मियों की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के कारणों का भी अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि, प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी और लैंडिंग के दौरान आई समस्या को हादसे की वजह माना जा रहा है।
भारतीय वायु सेना ने एक संक्षिप्त बयान जारी कर घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि जोरहाट में एएन-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। वायुसेना ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जैसे-जैसे अधिक जानकारी सामने आएगी, उसे साझा किया जाएगा।



