IND vs ZIM 1st T20 : हरारे। श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की कप्तानी में युवा भारतीय टीम गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में पहली जीत के इरादे से मैदान में उतरेगी। टीम की निगाहें 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) समेत युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी, जबकि हरारे की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भारत जीत के साथ सीरीज का आगाज करना चाहेगा। कप्तान के रूप में पहले सात टी20 मैचों में से आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ छह गंवा चुके अय्यर के पास टीम को जीत की राह पर लौटाने का यह सुनहरा मौका है।

वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सभी की निगाहें
जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत अपेक्षित है लेकिन अगर हार गए तो उस ड्रेसिंग रूम की हालत का अनुमान ही लगाया जा सकता है जिसमें 15 वर्ष के वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) भी हैं। भारत ने इस दौरे के लिये वीवीएस लक्ष्मण (VVS Laxman) को कोच के रूप में भेजा है जिनकी शख्सियत आक्रामक कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) से एकदम उलट है।

ऐसा नहीं है कि गंभीर जीतना नहीं चाहेंगे लेकिन अंतिम एकादश के साथ प्रयोग करने की उनकी आदत गंभीर की तुलना में कम है। एक बार फिर नजरें ‘वंडर ब्वॉय’ सूर्यवंशी पर होंगी जो अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करेंगे क्योंकि संजू सैमसन (Sanju Samson) को टीम में जगह नहीं मिली है।
हरारे स्पोटर्स क्लब से अभिषेक और सूर्यवंशी की पुरानी यादें जुड़ी है। अभिषेक ने इसी मैदान पर पदार्पण किया था और दूसरे मैच में पहला टी20 शतक भी यहीं लगाया था। सूर्यवंशी ने छह फरवरी को इस मैदान पर इंग्लैंड की अंडर 19 टीम के खिलाफ जूनियर विश्व कप फाइनल में शतक लगाया था। इस श्रृंखला में नये गेंदबाजी आक्रमण को आजमाने का लक्ष्य था लेकिन वर्तमान खराब प्रदर्शन के कारण अब इसे हर हालत में जीतना जरूरी हो गया है।

क्या रिंकू सिंह को मिलेगा मौका
हरारे स्पोटर्स क्लब की पिच में नमी और उछाल रहता है जिससे भारतीय बल्लेबाजों को दिक्कतें आ सकती है। ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड एनगारवा के तेज आक्रमण का सामना करना भारतीय बल्लेबाजों के लिये आसान नहीं होगा। उपकप्तान तिलक वर्मा पांचवें नंबर पर सहज नहीं दिख रहे हैं जो टी20 में तीसरे नंबर के अच्छे बल्लेबाज हैं लेकिन ईशान किशन को इस क्रम पर उतारा जा रहा है। पांचवें नंबर पर रिंकू सिंह बेहतर विकल्प हैं लेकिन उपकप्तान को बाहर करना आसान नहीं होगा।
भारत के सामने असली चुनौती हर्ष दुबे, शिवम दुबे और सूर्यांश शेडगे में से एक को चुनने की है। तीनों में से कोई भी शुद्ध हरफनमौला नहीं है । ऐसे में तीनों को भी उतारा जा सकता है। शिवम को सीम और स्विंग गेंदबाजी के सामने बतौर बल्लेबाज परेशानी आई है। लेकिन उन्हें दो टी20 विश्व कप जीतने का अनुभव है। वहीं शेडगे की गेंदबाजी अपेक्षा के अनुरूप नहीं है तो हर्ष अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर पा रहे हैं। गंभीर की पसंद हरफनमौला रहे हैं लेकिन लक्ष्मण की सोच अलग है। वह पुछल्ले बल्लेबाजों की कतार नहीं रख सकते क्योंकि मयंक यादव, अशोक शर्मा, प्रिंस यादव और यश ठाकुर जैसे तेज गेंदबाज बल्लेबाजी नहीं कर पाते। प्रिंस का खेलना तय लग रहा है जो मयंक यादव के साथ उतरेंगे । तीसरे तेज गेंदबाज का चयन अशोक और यश में से किया जायेगा ।
टीमें :
भारतीय टीम :
श्रेयस अय्यर (कप्तान ), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, यश ठाकुर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अशोक शर्मा, रवि बिश्नोई, प्रभसिमरन सिंह, रिंकू सिंह।
जिम्बाब्वे टीम :
सिकंदर यादव (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रियान बर्ल, तनाका शिवांगा, बेन कुरेन, ब्राड इवांस, वेसले माधेवेरे, टी मारूमनी, वेलिंगटन मसाकाजा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डियोन मायर्स , रिचर्ड एनगारवा, न्यूमैन एन, मिल्टन शुम्बा, टी सिगा । मैच का समय : 4 . 30 से।



