AI जितना भी एडवांस क्यों न हो, इंसानी अनुभव और अंतःप्रेरणा की बराबरी अभी भी उसके लिए आसान नहीं है। यही वजह है कि दुनिया भर में कई कर्मचारी अब अपने वर्षों के अनुभव और काम करने के अनोखे तरीकों को AI से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।विशेषज्ञों का मानना है कि AI नियमों, दस्तावेजों और डेटा से सीख सकता है, लेकिन किसी अनुभवी डॉक्टर की नजर, एक कुशल इंजीनियर की सोच या किसी कलाकार की रचनात्मक समझ को पूरी तरह कॉपी नहीं कर सकता। इसी बीच कई कंपनियां कर्मचारियों के कंप्यूटर पर होने वाली गतिविधियों, कीबोर्ड स्ट्रोक्स और काम करने के तरीके को ट्रैक कर AI को ट्रेन करने का प्रयास कर रही हैं।
इसका जवाब कर्मचारियों ने भी अपने तरीके से देना शुरू कर दिया है। सॉफ्टवेयर इंजीनियर अब ‘Shadow Thinking’ का इस्तेमाल कर रहे हैं। वे पहले कागज पर पूरा लॉजिक और एल्गोरिदम तैयार करते हैं और बाद में केवल अंतिम कोड कंप्यूटर पर टाइप करते हैं। कई डेवलपर्स जानबूझकर जंक कोड लिखते हैं और बाद में उसे हटाकर AI को भ्रमित कर देते हैं।वहीं कॉल सेंटर और कंसल्टिंग सेक्टर के कर्मचारी मुश्किल मामलों पर आधिकारिक AI-निगरानी वाले चैट की बजाय निजी बातचीत या कोडवर्ड्स का सहारा ले रहे हैं, ताकि AI उनकी मानवीय रणनीतियों को न सीख सके।
डिजाइनर्स भी Mouse Jitterers जैसे टूल्स का उपयोग कर रहे हैं, जो स्क्रीन पर नकली कर्सर मूवमेंट दिखाकर AI को गलत डेटा उपलब्ध कराते हैं।इधर कलाकार Nightshade और Glaze जैसे एंटी-AI टूल्स का इस्तेमाल कर अपनी डिजिटल कलाकृतियों को सुरक्षित बना रहे हैं। ये टूल्स तस्वीरों के पिक्सल में ऐसे बदलाव करते हैं जो इंसानों को दिखाई नहीं देते, लेकिन AI मॉडल गलत जानकारी सीख लेते हैं।विशेषज्ञों का मानना है कि AI और इंसानी हुनर के बीच यह संघर्ष आने वाले वर्षों में और तेज हो सकता है। फिलहाल इतना तय है कि तकनीक लगातार आगे बढ़ रही है, लेकिन अनुभव, रचनात्मकता और मानवीय समझ आज भी इंसानों की सबसे बड़ी ताकत बनी हुई है।



