चेन्नई। दलीप ट्रॉफी के फाइनल में रविवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में क्रिकेट का अलग ही नजारा देखने को मिला। ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच खेले जा रहे मुकाबले को देखने के लिए चेपॉक में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। खास तौर पर 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को देखने के लिए फैंस में जबरदस्त उत्साह नजर आया।
तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन ने फाइनल मुकाबले के लिए दर्शकों को मुफ्त एंट्री दी थी। रविवार का दिन होने के साथ ईस्ट जोन की टीम में वैभव सूर्यवंशी की मौजूदगी ने इस फैसले का असर और बढ़ा दिया। सुबह से ही क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंचने लगे और देखते ही देखते दर्शक दीर्घाओं में अच्छी-खासी भीड़ जमा हो गई। मुकाबले के दौरान करीब 10 हजार दर्शकों की मौजूदगी ने घरेलू क्रिकेट के इस मैच को खास बना दिया।
मैदान पर भी वैभव ने फैंस को निराश नहीं किया। ईस्ट जोन के लिए पारी की शुरुआत करते हुए उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की और 37 गेंदों में 44 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और एक छक्का शामिल रहा। खास बात यह रही कि उन्होंने अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के खिलाफ भी बेखौफ अंदाज दिखाया।
एक ओवर में वैभव ने सिराज की गेंदों पर चौका, छक्का और फिर चौका जड़ दिया। उनके इन शॉट्स के बाद स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हालांकि, वह अपना अर्धशतक पूरा करने से महज 6 रन दूर रह गए। चामा मिलिंद की गेंद पर पुल शॉट खेलने की कोशिश में उनका कैच लपक लिया गया।
वैभव ने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ मिलकर ईस्ट जोन को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 100 रन जोड़े। वैभव के आउट होने के बाद भी दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। मैच के बाद युवा बल्लेबाज ने फैंस को ऑटोग्राफ भी दिए और उनके साथ बातचीत की।
दलीप ट्रॉफी जैसे घरेलू टूर्नामेंट में इतनी बड़ी संख्या में दर्शकों का पहुंचना भारतीय क्रिकेट के लिए भी सकारात्मक संकेत है। वहीं, वैभव सूर्यवंशी की लोकप्रियता ने दिखा दिया कि युवा सितारों को देखने के लिए फैंस स्टेडियम तक पहुंचने के लिए तैयार हैं।



