Wednesday, July 15, 2026
HomeIndiaमुंबई में जमकर बरस रहे मेघ, ठाणे-पालघर समेत कई इलाकों में आज...

मुंबई में जमकर बरस रहे मेघ, ठाणे-पालघर समेत कई इलाकों में आज भी होगी जोरदार बारिश

मुंबई। मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में मॉनसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मायानगरी के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और आसपास के क्षेत्रों के लिए आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं, सिंधुदुर्ग और कोंकण के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

सुबह से जारी बारिश, मौसम हुआ सुहावना

मुंबई में गुरुवार सुबह से ही बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। मरीन ड्राइव और ईस्टर्न एक्सप्रेसवे समेत कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। बारिश के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 25 जून को मुंबई में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आने वाले कुछ दिनों तक मुंबई में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है।

बुधवार की बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

बुधवार को मुंबई में इस सीजन की पहली भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया था। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं और सुबह के व्यस्त समय में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। IMD के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह 8 बजे से बुधवार सुबह 8 बजे तक मुंबई के कई हिस्सों में 300 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। कोलाबा में करीब 248 मिमी और सांताक्रूज में 225 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं, मालवानी में 340 मिमी और परेल में 334 मिमी बारिश दर्ज की गई।

अगले 2-3 दिनों तक भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों तक मुंबई और कोंकण क्षेत्र में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है, हालांकि मॉनसून सक्रिय बना रहेगा। गौरतलब है कि इस साल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य समय से करीब 13 दिन की देरी से मुंबई पहुंचा है, लेकिन अब इसके सक्रिय होने के बाद लगातार बारिश का दौर जारी है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image