Monday, June 1, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessशेयर बाजार में लगातार चौथे दिन हाहाकार, सेंसेक्स 508 अंक टूटा, निफ्टी...

शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन हाहाकार, सेंसेक्स 508 अंक टूटा, निफ्टी भी लुढ़का, निवेशकों की बढ़ी चिंता

वैश्विक अनिश्चितताओं, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिका-ईरान तनाव के बीच भारतीय शेयर बाजार लगातार चौथे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 508 अंक और निफ्टी 165 अंक लुढ़क गया।

Share Market Update News : मुंबई। अनिश्चित वैश्विक संकेतों के बीच स्थानीय शेयर बाजार सोमवार को वित्तीय, एफएमसीजी एवं वाहन शेयरों में बिकवाली के कारण लगातार चौथे सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 508 अंक फिसल गया जबकि निफ्टी में 165 अंक की गिरावट रही। विश्लेषकों के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और अमेरिका-ईरान संघर्ष को लेकर अनिश्चितता के कारण घरेलू बाजार दबाव में रहा। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 508.40 अंक यानी 0.68 प्रतिशत गिरकर 74,267.34 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 75,367.93 अंक के ऊपरी और 74,203.68 अंक के निचले स्तर को भी छुआ। इस तरह सेंसेक्स में 1,164.25 अंक का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 165.15 अंक यानी 0.70 प्रतिशत गिरकर 23,382.60 अंक पर बंद हुआ।

इन कंपनियों के शेयरों में आई गिरावट और तेजी

सेंसेक्स की कंपनियों में से हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं। इसके उलट टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इंटरग्लोब एविएशन, एचसीएल टेक और टाटा स्टील के शेयरों में तेजी दर्ज की गई।अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड 3.34 प्रतिशत बढ़कर 94.16 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर चिंता बढ़ी है और इसे लेकर बाजार में सतर्कता का माहौल बना हुआ है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने भारतीय बाजार से निकासी का सिलसिला जारी रखा है। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, एफआईआई ने शुक्रवार को 21,105.86 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, हाल के अमेरिकी हमलों और इजरायल-लेबनान तनाव से बाजार पर दबाव बना है। हालांकि, निवेशक निकट भविष्य में कूटनीतिक समाधान की उम्मीद भी कर रहे हैं। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट गिरावट में रहा। यूरोप के बाजार दोपहर के कारोबार में बढ़त में थे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। शुक्रवार को घरेलू बाजारों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 1,092.06 अंक गिरकर 74,775.74 अंक और निफ्टी 359.40 अंक टूटकर 23,547.75 अंक पर बंद हुआ था।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image