जोधपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के दिन जोधपुर के मंडोर क्षेत्र से राजनीति की एक बेहद दिलचस्प और अप्रत्याशित तस्वीर सामने आई है। प्रदेश के सियासी गलियारों में एक-दूसरे के धुर विरोधी माने जाने वाले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल और केंद्रीय संस्कृति व पर्यटन मंत्री एवं भाजपा के कद्दावर नेता गजेंद्र सिंह शेखावत अचानक एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए। चुनाव की सरगर्मी के बीच दोनों दिग्गजों की इस अचानक हुई सौहार्दपूर्ण मुलाकात ने पूरे प्रदेश का सियासी पारा चढ़ा दिया है।
15 सेकंड की मुलाकात, गले मिले और मांगी जीत की दुआ!
जानकारी के मुताबिक, दोनों दिग्गज नेता निकाय चुनाव में अपनी-अपनी पार्टियों के प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क करने जोधपुर के मंडोर इलाके में मौजूद थे। इसी दौरान दोनों का काफिला आमने-सामने आ गया।
आमतौर पर राजनीतिक मंचों से एक-दूसरे पर तीखे जुबानी तीर चलाने वाले ये दोनों नेता सारी कड़वाहट भूलकर बेहद गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे से गले मिले। महज 15 सेकंड की इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के चेहरे पर मुस्कान देखी गई। इसी बीच, मौके पर मौजूद RLP की एक महिला प्रत्याशी ने आगे बढ़कर केंद्रीय मंत्री शेखावत के चरण स्पर्श किए और अपनी जीत के लिए उनसे आशीर्वाद भी मांगा।
यह खबर भी पढ़ें:-बीकानेर में निकाय चुनाव के दौरान भारी बवाल: BJP विधायक का आपा खोने का वीडियो वायरल, पोलिंग अफसर के पीछे दौड़े
संसद से सड़कों तक रही है पुरानी सियासी अदावत
हनुमान बेनीवाल और गजेंद्र सिंह शेखावत के बीच की राजनीतिक खींचतान किसी से छिपी नहीं है। हाल ही में संसद सत्र के दौरान मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने के मुद्दे पर भी दोनों नेताओं के बीच तीखी झड़प देखने को मिली थी। ऐसे में मतदान के दिन दोनों के इस तरह आत्मीय अंदाज में मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही तेजी से वायरल हो गया। लोग इसे राजनीति में ‘लोकतांत्रिक मर्यादा और शिष्टाचार’ का शानदार उदाहरण बता रहे हैं।
यह खबर भी पढ़ें:-नोएडा एयरपोर्ट पर जयपुर की फ्लाइट छूटी तो रो पड़ी छात्रा, बोली- बार-बार मदद मांगी लेकिन किसी ने नहीं सुना
AIMIM से गठबंधन के बीच शेखावत से सौहार्द
इस मुलाकात के राजनीतिक मायने इसलिए भी निकाले जा रहे हैं क्योंकि सांसद हनुमान बेनीवाल ने हाल ही में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के साथ चुनावी गठबंधन किया है। एक तरफ मुस्लिम-दलित समीकरण के सहारे मैदान में डटे बेनीवाल और दूसरी तरफ भाजपा के बड़े चेहरे गजेंद्र सिंह शेखावत के बीच हुई इस गर्मजोशी भरी मुलाकात ने चुनावी पंडितों को भी चर्चा करने पर मजबूर कर दिया है।



