Thursday, September 10, 2026
HomeIndiaबीकानेर में निकाय चुनाव के दौरान भारी बवाल: BJP विधायक का आपा...

बीकानेर में निकाय चुनाव के दौरान भारी बवाल: BJP विधायक का आपा खोने का वीडियो वायरल, पोलिंग अफसर के पीछे दौड़े

राजस्थान निकाय चुनाव के दौरान बीकानेर के वार्ड 45 में बड़ा हंगामा। बीजेपी विधायक जेठानंद व्यास और मतदान अधिकारी के बीच तीखी बहस, विधायक कार से उतरकर अफसर के पीछे भागे। देखिए वायरल वीडियो की पूरी सच्चाई।

बीकानेर। राजस्थान नगर निकाय चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के दौरान बीकानेर से एक हाई-वोल्टेज ड्रामे की तस्वीर सामने आई है। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीकानेर पश्चिम सीट से विधायक जेठानंद व्यास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे मतदान केंद्र पर तैनात एक पोलिंग अफसर के साथ उलझते और गुस्से में उनके पीछे दौड़ते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और विधायक के समर्थकों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

आखिर क्या था पूरा विवाद?

पूरा मामला बीकानेर नगर निगम के वार्ड नंबर 45 स्थित रबर फैक्ट्री के पास बने बूथ संख्या 95 का है। शाम के समय बीकानेर पश्चिम के बीजेपी विधायक जेठानंद व्यास अपने समर्थकों के साथ मतदान केंद्रों के निरीक्षण पर निकले थे।

जब वे अपनी गाड़ी में सवार होकर बूथ संख्या 95 के करीब पहुंचे, तो वहां तैनात पोलिंग अफसर शिशुपाल सिंह ने चुनाव आचार संहिता और नियमों का हवाला देते हुए गाड़ी को बूथ से 200 मीटर दूर खड़ी करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विधायक और पोलिंग अफसर के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

कार से उतरकर अफसर के पीछे भागे विधायक

चश्मदीदों और वायरल वीडियो के मुताबिक, बातचीत के दौरान बहस इतनी बढ़ गई कि विधायक जेठानंद व्यास आपा खो बैठे। वे अचानक गाड़ी से नीचे उतरे और पोलिंग अफसर की तरफ तेजी से दौड़ पड़े।

अफसर खुद को बचाने के लिए पीछे की ओर भागा, वहीं विधायक के साथ मौजूद समर्थकों ने तुरंत जेठानंद व्यास को पकड़ा और काबू में किया। समर्थकों द्वारा रोके जाने के बाद भी चुनावी बूथ के बाहर काफी देर तक नारेबाजी और हंगामा चलता रहा, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के बाद विधायक ने जिला कलेक्टर से अधिकारी के रवैये को लेकर शिकायत भी दर्ज कराई है।

यह खबर भी पढ़ें:-राजस्थान निकाय चुनाव में बवाल, डीडवाना में विधायक यूनुस खान से धक्का-मुक्की; नागौर में पथराव

पहले चरण में हुआ भारी मतदान

उल्लेखनीय है कि राजस्थान निकाय चुनाव के पहले चरण के तहत प्रदेश की 162 नगरीय निकायों के 5,393 वार्डों में वोटिंग संपन्न हो चुकी है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, पहले चरण में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लगभग 76.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। हालांकि, राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अंतिम और आधिकारिक आंकड़े जारी किए जाना बाकी है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image