GT vs RR Qualifier 2 Highlights: आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दर्शकों का दिल जीत लिया, लेकिन शुभमन गिल के शानदार शतक ने उनकी पारी पर पानी फेर दिया। गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर तीसरी बार IPL फाइनल में जगह बना ली, जहां उसका सामना मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगा.

वैभव सूर्यवंशी ने फिर खेली शानदार पारी
मुल्लांपुर में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 214 रन बनाए. टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल के विकेट गिर गए. इसके बाद 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने मोर्चा संभाला और दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 96 रन बनाए.

लगातार दूसरे मैच में शतक से चूके सूर्यवंशी
सूर्यवंशी ने कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे अनुभवी गेंदबाजों का डटकर सामना किया. उन्हें 46 रन के स्कोर पर जीवनदान भी मिला, जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया. हालांकि लगातार दूसरे मैच में वह शतक से चूक गए. पिछले मैच में 97 रन पर आउट होने वाले सूर्यवंशी इस बार 96 रन बनाकर पवेलियन लौटे.

रविंद्र जडेजा ने भी दिया अहम योगदान
राजस्थान के लिए रविंद्र जडेजा ने भी अहम योगदान देते हुए 35 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाए. वहीं डोनोवन फरेरा ने अंतिम ओवर में राशिद खान के खिलाफ 4 छक्के लगाकर सिर्फ 11 गेंदों में नाबाद 38 रन बनाए, जिससे टीम 214 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंच सकी. 215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद शानदार रही. कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 167 रन की साझेदारी कर राजस्थान को मैच से लगभग बाहर कर दिया. दोनों बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया.

तीसरी बार फाइनल में पहुंची गुजरात टाइटंस
गिल ने 53 गेंदों में 104 रन की कप्तानी पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 3 छक्के शामिल थे. वहीं साई सुदर्शन ने 32 गेंदों में 58 रन बनाए. राजस्थान के गेंदबाज पूरे मैच में संघर्ष करते नजर आए और जोफ्रा आर्चर भी शुरुआती सफलता दिलाने में नाकाम रहे. गुजरात ने 18.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने तीसरी बार आईपीएल फाइनल में जगह बनाई है. अब रविवार को अहमदाबाद में उसका मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा. वहीं राजस्थान रॉयल्स और युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी का शानदार सफर यहीं समाप्त हो गया.




