FIFA World Cup Final Spain vs Argentina : फुटबॉल की दुनिया की दो सबसे दमदार टीमों के बीच रविवार को विश्व कप का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा. मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा. जहां अर्जेंटीना ने पूरे टूर्नामेंट में दबाव के क्षणों से निकलकर जीत हासिल की है, जबकि स्पेन ने गेंद पर नियंत्रण, मजबूत रक्षापंक्ति और सामूहिक खेल के दम पर फाइनल तक का सफर तय किया है. ऐसे में यह फाइनल केवल ट्रॉफी की लड़ाई नहीं, बल्कि दो अलग-अलग फुटबॉल शैलियों की टक्कर भी होगी. अर्जेंटीना ने अब तक 7 मैचों में सबसे ज्यादा 19 गोल किए हैं, जबकि स्पेन ने फाइनल तक के सफर में सिर्फ एक गोल गंवाया है, जो क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम के खिलाफ हुआ था.
मेस्सी बनाम लामिन यमाल
इस फाइनल को लियोनेल मेसी और स्पेन के युवा स्टार लामिन यमाल के बीच टक्कर के रूप में भी देखा जा रहा है. मुकाबले से पहले सोशल मीडिया पर मेस्सी और यमाल की वायरल हुई दो दशक पुरानी तस्वीर ने इसे और रोचक मोड़ दे दिया है जिसमें मेस्सी बाथटब में ‘बेबी यमाल’ को नहलाते दिख रहे हैं.
मेसी की शानदार फॉर्म
मेस्सी इस विश्व कप में अब तक 8 गोल कर चुके हैं और 4 गोल में सहायता (असिस्ट) भी दी है. इसी प्रदर्शन के दम पर वह फिलहाल गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे हैं. इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उनके शानदार खेल और निर्णायक पास ने टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
हालांकि अर्जेंटीना का सफर आसान नहीं रहा. नॉकआउट चरण में उसे केप वर्दे, मिस्र और स्विट्जरलैंड जैसी टीमों के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा. सेमीफाइनल में भी टीम ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जीत दर्ज की.
स्पेन ने बड़े दावेदारों को किया बाहर
स्पेन ने ग्रुप चरण में केप वर्दे के खिलाफ ड्रॉ से शुरुआत की, लेकिन इसके बाद लगातार शानदार प्रदर्शन किया. नॉकआउट में उसने ऑस्ट्रिया, पुर्तगाल, बेल्जियम और सेमीफाइनल में कीलियन एमबाप्पे की फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई. स्पेन की सबसे बड़ी ताकत उसकी संगठित रक्षापंक्ति रही है, जिसने पूरे टूर्नामेंट में विरोधी टीमों के स्टार खिलाड़ियों को प्रभावी प्रदर्शन करने का मौका नहीं दिया.
दोनों कप्तानों ने जताया जीत का भरोसा
फाइनल से पहले लियोनेल मेस्सी ने कहा, ‘अर्जेंटीना अपना सब कुछ झोंक देगी. वहीं स्पेन के कप्तान रोड्री ने विश्वास जताते हुए कहा, ‘हम विश्व कप जीतने के इरादे से ही आए हैं. फ्रांस के खिलाफ हमारा प्रदर्शन बेहतरीन था, लेकिन अर्जेंटीना के खिलाफ हमें उससे भी बेहतर खेल दिखाना होगा. हमें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है.’
रोमांचक मुकाबले की उम्मीद
कागजों पर दोनों टीमें लगभग बराबरी की नजर आती हैं. यदि अर्जेंटीना का आक्रामक खेल और मेसी का अनुभव भारी पड़ा तो ट्रॉफी दक्षिण अमेरिका जाएगी. वहीं, अगर स्पेन अपनी अनुशासित रक्षा और तेज़ सामूहिक खेल को बरकरार रखने में सफल रहा तो वह एक बार फिर विश्व फुटबॉल के शिखर पर पहुंच सकता है. दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों की निगाहें अब इस महामुकाबले पर टिकी हैं, जो विश्व कप इतिहास के सबसे यादगार फाइनल में से एक साबित हो सकता है.
ये भी पढ़ें: RMSCL की दवा खरीद एवं गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली की केंद्र सरकार ने की तारीफ



