FIFA World Cup 2026: इंग्लैंड ने फीफा विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रोएशिया को 4-2 से हरा दिया. इस जीत के साथ इंग्लैंड ने अपने अभियान की दमदार शुरुआत की, जबकि स्टार स्ट्राइकर हैरी केन ने दो गोल दागकर विश्व कप में इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक गोल करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. मैच की शुरुआत से ही इंग्लैंड ने आक्रामक खेल दिखाया. 12वें मिनट में हैरी केन ने पेनल्टी को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई. हालांकि क्रोएशिया ने वापसी करते हुए 36वें मिनट में मार्टिन बटुरिना और पहले हाफ के इंजरी टाइम में पीटर मूसा के गोल की बदौलत मुकाबले को बराबरी पर ला दिया.इस बीच हैरी केन ने 42वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागकर इंग्लैंड को फिर बढ़त दिलाई. पहले हाफ की समाप्ति तक दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर थीं.
मार्कस रैशफोर्ड ने इंग्लैंड की जीत की पक्कीदूसरे हाफ की शुरुआत होते ही इंग्लैंड ने मैच पर पकड़ मजबूत कर ली. 47वें मिनट में जूड बेलिंघम ने शानदार गोल करते हुए स्कोर 3-2 कर दिया. इलियट एंडरसन के लंबे पास पर बेलिंघम ने शानदार नियंत्रण दिखाया और डिफेंडर व गोलकीपर दोनों को छकाते हुए गेंद को जाल में पहुंचा दिया. इसके बाद क्रोएशिया वापसी की कोशिश करता रहा, लेकिन इंग्लैंड की मजबूत रक्षापंक्ति और तेज आक्रमण के सामने उसे सफलता नहीं मिली. मैच के 85वें मिनट में मार्कस रैशफोर्ड ने चौथा गोल दागकर इंग्लैंड की जीत पक्की कर दी.
हैरी केन ने गैरी लाइनकर के रिकॉर्ड की बराबरी की
इस मुकाबले की सबसे बड़ी उपलब्धि हैरी केन के नाम रही. दो गोलों के साथ उनके विश्व कप गोलों की संख्या 10 हो गई है और उन्होंने इंग्लैंड के महान स्ट्राइकर गैरी लाइनकर के विश्व कप रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. इसके अलावा केन के अंतरराष्ट्रीय करियर में अब कुल 81 गोल हो चुके हैं.
मैच के बाद केन ने कहा कि टीम ने दूसरे हाफ की शुरुआत में कई और गोल करने के मौके बनाए थे और जीत का अंतर इससे भी बड़ा हो सकता था. उन्होंने कहा कि टीम का प्रदर्शन संतोषजनक रहा और उन्हें उम्मीद है कि इंग्लैंड टूर्नामेंट में काफी आगे तक जाएगा.
क्रोएशिया के कोच ने हार पर कही ये बात
वहीं क्रोएशिया के कोच ज़्लात्को डालिच ने माना कि उनकी टीम ने अच्छे प्रयास किए, लेकिन इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ यह पर्याप्त नहीं था. उन्होंने कहा कि टीम को अपनी रक्षापंक्ति में सुधार करना होगा. अब इंग्लैंड का अगला मुकाबला मंगलवार को घाना से होगा, जबकि क्रोएशिया उसी दिन पनामा के खिलाफ मैदान में उतरेगा. इंग्लैंड की नजर लगातार दूसरी जीत दर्ज कर नॉकआउट चरण की ओर मजबूत कदम बढ़ाने पर होगी.
ये भी पढ़ें: अमेरिका ईरान डील पर फाइनल मुहर, फ्रांस का वर्साय महल बना समझौते का गवाह



