Portugal vs DR Congo: फीफा विश्व कप 2026 में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब अफ्रीकी टीम कांगो ने स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की अगुआई वाली पुर्तगाल को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया. ह्यूस्टन के NRG स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पुर्तगाल को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन कांगो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी को चौंका दिया. यह मुकाबला खास इसलिए भी था क्योंकि 40 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपने छठे विश्व कप में खेल रहे हैं और पुर्तगाल विश्व कप खिताब जीतने की उम्मीदों के साथ टूर्नामेंट में उतरा है. हालांकि टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही.
पुर्तगाल ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और छठे मिनट में ही बढ़त हासिल कर ली. मिडफील्डर जोआओ नेवेस ने पेड्रो नेटो के शानदार क्रॉस पर हेडर लगाकर गेंद को गोल में पहुंचाया. शुरुआती गोल के बाद ऐसा लग रहा था कि पुर्तगाल आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लेगा. लेकिन कांगो ने हार नहीं मानी. पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में आर्थर मासुअकू के बेहतरीन क्रॉस पर योआने विस्सा ने शानदार हेडर से गोल करके स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. यह कांगो के विश्व कप इतिहास का पहला गोल भी रहा, जिसके बाद टीम के खिलाड़ियों और मौजूद प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
It all ends square 🤝#FIFAWorldCup
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) June 17, 2026
काफी निराश दिखे रोनाल्डो
दूसरे हाफ में पुर्तगाल ने लगातार दबाव बनाया, लेकिन कांगो की रक्षापंक्ति मजबूती से डटी रही. रोनाल्डो को 68वें और 73वें मिनट में गोल करने के सुनहरे मौके मिले, लेकिन वह दोनों अवसरों को भुना नहीं सके. उनकी निराशा मैदान पर साफ दिखाई दी. दोनों ही मौकों पर उन्होंने निराशा में अपना सिर हिलाया.
55वें मिनट में जोआओ कैंसलो ने बाइसाइकिल किक के जरिए शानदार गोल किया था, लेकिन उसे ऑफसाइड करार दिया गया और गोल रद्द कर दिया गया. मैच के अंतिम क्षणों में ब्रूनो फर्नांडेस के पास भी जीत दिलाने का मौका था, लेकिन उनका शॉट गोलपोस्ट के बाहर चला गया.
दोनों टीम के कोच ने कही ये बात
मैच के बाद पुर्तगाल के कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने कहा कि विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में ऐसे नतीजे देखने को मिलते हैं और उनकी टीम अगले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी. वहीं, कांगो के कोच सेबेस्टियन डेसाब्रे ने खिलाड़ियों की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उनकी टीम ने आत्मविश्वास और साहस के साथ खेलते हुए दुनिया को अपनी क्षमता दिखाई है.
ये भी पढ़ें: रेप पीड़िता नाबालिग को गर्भपात की अनुमति, जानें राजस्थान हाईकोर्ट ने फैसले में क्या कहा ?



