Wednesday, July 15, 2026
HomeLatest Newsवेनेजुएला में भूकंप का कहर: PM मोदी ने बढ़ाया मदद का हाथ,...

वेनेजुएला में भूकंप का कहर: PM मोदी ने बढ़ाया मदद का हाथ, कहा- भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार

नई दिल्ली। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला बुधवार शाम दो बेहद शक्तिशाली भूकंपों से दहल उठा। महज एक मिनट के अंतराल में आए 7.1 और 7.5 तीव्रता के इन झटकों ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया। राजधानी काराकस समेत कई क्षेत्रों में इमारतों को नुकसान पहुंचा है और राहत एवं बचाव अभियान जारी है। वेनेजुएला में भूकंप से मची तबाही पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने इस मुश्किल समय में वेनेजुएला के साथ खड़े होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।

PM नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला की त्रासदी पर जताया दुख

PM मोदी ने X पर पोस्ट कर लिखा, “वेनेजुएला में आए जबरदस्त भूकंप से हुई तबाही से मुझे गहरा दुख हुआ है। भारत के लोगों की ओर से, मैं वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति, और खासकर उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल समय में प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।”

https://x.com/narendramodi/status/2069998132092649554?s=20

एक मिनट के अंदर आए दो बड़े भूकंप

रिपोर्ट के मुताबिक पहला भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6:04 बजे वेनेजुएला के मोरोन क्षेत्र के पास आया। इसकी तीव्रता 7.1 बताई गई और इसका केंद्र जमीन के अंदर करीब 13 किलोमीटर की गहराई पर था। लोग अभी पहले झटके से संभल भी नहीं पाए थे कि कुछ ही समय बाद दूसरा और ज्यादा शक्तिशाली भूकंप आया। इसकी तीव्रता 7.5 दर्ज की गई। दूसरा झटका मोरोन के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में महसूस किया गया और इसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर बताई गई।

राजधानी काराकस समेत कई इलाकों में नुकसान

भूकंप के तेज झटकों के बाद राजधानी काराकस और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई। कई इमारतों में दरारें आईं, कुछ संरचनाएं गिर गईं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। आपातकालीन टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं। अधिकारियों ने लोगों से कमजोर इमारतों से दूर रहने और संभावित आफ्टरशॉक्स को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।

मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

भूकंप के बाद शुरुआती रिपोर्टों में कम से कम 32 लोगों की मौत और 700 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, कई इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी होने के कारण अंतिम आंकड़े अभी स्पष्ट नहीं हैं। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) ने बड़े नुकसान की आशंका जताई है और कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि काफी अधिक हो सकती है।

राहत और बचाव अभियान जारी

वेनेजुएला सरकार ने आपात कदम उठाते हुए राहत कार्य तेज कर दिए हैं। अस्पतालों और बचाव एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। कई जगहों पर बिजली, परिवहन और अन्य सेवाओं पर भी असर पड़ा है। भूकंप के बाद कुछ समय के लिए कैरेबियाई क्षेत्र में सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया।

दुनिया की नजर वेनेजुएला पर

इस प्राकृतिक आपदा के बाद कई देशों ने वेनेजुएला के लोगों के प्रति संवेदना जताई है और जरूरत पड़ने पर मदद की पेशकश की है। भारत ने भी मानवीय सहायता के लिए तैयार रहने की बात कही है। फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना और प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाना है। अधिकारियों के अनुसार आने वाले समय में नुकसान और प्रभावित लोगों की संख्या की पूरी तस्वीर सामने आ पाएगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image