Wednesday, July 15, 2026
HomeLatest Newsरनवे पर टला बड़ा हादसा, उड़ान भरने जा रहे इंडिगो विमान के...

रनवे पर टला बड़ा हादसा, उड़ान भरने जा रहे इंडिगो विमान के सामने आया एअर इंडिया का प्लेन

अहमदाबाद: अहमदाबाद हवाई अड्डे पर बुधवार शाम एक संभावित टक्कर की स्थिति टल गई, जब एअर इंडिया का एक विमान लैंडिंग के बाद पार्किंग बे की ओर जाते समय गलती से गलत दिशा में मुड़ गया और उसी टैक्सीवे पर इंडिगो के एक विमान के सामने आ गया। जानकारी के मुताबिक, मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहे इंडिगो के विमान को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। दोनों विमानों के बीच करीब 200 मीटर की दूरी रह गई थी, जिसके बाद दोनों विमानों को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया गया।

एअर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उसकी फ्लाइट AI 2493 (मुंबई-अहमदाबाद) 24 जून को लैंडिंग के बाद अनजाने में गलत दिशा में मुड़ गई थी। एयरलाइन के अनुसार, इस दौरान यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा पर कोई खतरा नहीं आया। एअर इंडिया ने बताया कि विमान को बाद में टो करके सुरक्षित रूप से पार्किंग बे तक पहुंचाया गया। मामले की जानकारी संबंधित नियामक अधिकारियों को दे दी गई है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं, इंडिगो ने अपने बयान में कहा कि उसकी फ्लाइट 6E 5160 (अहमदाबाद-मुंबई) टैक्सी करते समय थोड़ी देर के लिए रोकी गई, क्योंकि दूसरी एयरलाइन का विमान गलती से उसके रास्ते में आ गया था। इंडिगो के अनुसार, दोनों विमानों के बीच सुरक्षित दूरी बनी रही और कोई नुकसान नहीं हुआ। दोनों विमान एयरबस A320 श्रेणी के नैरो-बॉडी विमान थे। विमान संचालन में टैक्सीवे पर दिशा संबंधी गलती को गंभीर सुरक्षा मुद्दा माना जाता है, इसलिए इस घटना की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image