Saturday, July 18, 2026
HomeUser Interest CategoryEntertainment'दुल्हनिया ले आएगी' का ट्रेलर रिलीज, शादी में कॉमेडी का धमाका

‘दुल्हनिया ले आएगी’ का ट्रेलर रिलीज, शादी में कॉमेडी का धमाका

'दुल्हनिया ले आएगी' फिल्म के ट्रेलर में शादी से पहले शुरू होने वाला ड्रामा, कई संभावित दूल्हों की एंट्री और भरपूर कॉमेडी देखने को मिलती है। फिल्म 24 जुलाई को बड़े पर्दे पर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है।

मुंबई(प्रज्ञा पांडे)। निर्देशक आकाशादित्य लामा की आगामी फैमिली एंटरटेनर ‘दुल्हनिया ले आएगी’ का ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में कॉमेडी, रोमांस, पारिवारिक रिश्तों, शादी की अफरा-तफरी और इमोशनल पलों का ऐसा मिश्रण देखने को मिलता है, जो इसे एक हल्की-फुल्की लेकिन मनोरंजक फिल्म का एहसास कराता है। फिल्म 24 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। करीब ढाई मिनट के ट्रेलर की शुरुआत एक भव्य शादी की तैयारियों से होती है, लेकिन जल्द ही कहानी ऐसा मोड़ लेती है जहां दुल्हन के सामने समय की बड़ी चुनौती खड़ी हो जाती है। इसी बीच उसकी जिंदगी में एक-एक कर कई संभावित दूल्हों की एंट्री होती है और शुरू हो जाता है ऐसा मजेदार सिलसिला, जो फिल्म को एक आधुनिक ‘स्वयंवर’ जैसा रंग देता है। हंसी से भरपूर संवाद, पारिवारिक तकरार, भावनात्मक पल और शादी का रंगीन माहौल ट्रेलर को शुरुआत से आखिर तक बांधे रखता है। फिल्म में खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर, पीयूष मिश्रा, ओंकार कपूर, स्नेहिल दीक्षित मेहरा (बी.सी. आंटी) और कंटेंट क्रिएटर अगू स्टेनली चिएदोजी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा मॉडल और अभिनेत्री लारिसा बोन्सी भी फिल्म का हिस्सा हैं। सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में उनका नाम अक्सर आर्यन खान के साथ जोड़ा जाता रहा है, हालांकि दोनों में से किसी ने भी इन अटकलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिल्म के निर्देशक आकाशादित्य लामा का कहना है कि उनकी कोशिश एक ऐसी फैमिली एंटरटेनर बनाने की थी, जो दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ भावनात्मक रूप से भी जोड़ सके। “हर शादी में ड्रामा होता है, लेकिन ‘दुल्हनिया ले आएगी’ में यह ड्रामा फेरों से पहले ही शुरू हो जाता है। ट्रेलर के जरिए हम दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान और उनके मन में आगे की कहानी जानने की उत्सुकता छोड़ना चाहते थे।”

फिल्म की लीड एक्ट्रेस खुशाली कुमार ने अपने किरदार को अब तक के सबसे मनोरंजक रोल्स में से एक बताया। उनके मुताबिक उनका किरदार आत्मविश्वासी, अप्रत्याशित और हर पल दर्शकों को चौंकाने वाला है। वरिष्ठ अभिनेता महेश मांजरेकर का मानना है कि फिल्म की खूबसूरती इसकी ईमानदार कहानी में है। उनके अनुसार, “यह ऐसी फिल्म है जो जबरदस्ती मनोरंजन नहीं करती, बल्कि दर्शक खुद इसकी दुनिया में खो जाते हैं। पारिवारिक भावनाएं और कॉमेडी मिलकर इसे हर उम्र के दर्शकों के लिए खास बनाती हैं।” फिल्म की अभिनेत्री लारिसा बोन्सी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ट्रेलर साझा करते हुए दर्शकों से 24 जुलाई को सिनेमाघरों में फिल्म देखने की अपील की। उन्होंने इसे “साल की सबसे धमाकेदार शादी” बताते हुए फिल्म में फैमिली ड्रामा, कॉमेडी और भरपूर मनोरंजन का वादा किया। ‘दुल्हनिया ले आएगी’ का निर्माण सिद्धार्थ बनर्जी, आकाशादित्य लामा और विकास अग्रवाल ने किया है। कॉमेडी, इमोशन और शादी के रंगों से सजी यह फैमिली एंटरटेनर 24 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image