Fujairah Drone Attack : नई दिल्ली। भारत ने संयुक्त अरब अमीरात के बंदरगाह शहर फुजैराह पर हमले और उसमें तीन भारतीय नागरिकों के घायल होने की घटना को मंगलवार को “अस्वीकार्य” करार दिया और निर्दोष नागरिकों व नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की इस शत्रुतापूर्ण कार्रवाई को तत्काल रोकने का आह्वान किया। भारत की यह प्रतिक्रिया उस घटना के एक दिन बाद आई है जिसमें फुजैराह के एक प्रमुख तेल उद्योग क्षेत्र में ड्रोन हमले के कारण आग लग गई थी। इस घटना में तीन भारतीय घायल हो गए थे। संयुक्त अरब अमीरात ने इस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है।
ड्रोन हमले को भारत ने बताया अस्वीकार्य
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “फुजैराह पर हुआ हमला अस्वीकार्य है जिसमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। उन्होंने कहा, “हम नागरिक बुनियादी ढांचे व निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने की इन शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों को तत्काल रोकने का आह्वान करते हैं। जायसवाल ने कहा कि भारत पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति का समर्थन करता है। उन्होंने कहा, “हम आह्वान करते हैं कि अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही और व्यापार बिना किसी रुकावट के जारी रहे। भारत मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के सभी प्रयासों का समर्थन करने के लिए तैयार है।”
भारतीय और UAE के विदेश मंत्रालय ने की कड़ी निंदा
भारतीय दूतावास ने X पर एक पोस्ट में कहा, “फुजैराह में हुए हमलों में तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए हैं। हम प्रभावित भारतीय नागरिकों को उचित चिकित्सा देखभाल और सहायता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। वहीं, कड़े शब्दों वाले बयान में दूतावास ने कहा, “यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं किया जा सकता है। हम मांग करते हैं कि ये शत्रुतापूर्ण गतिविधियां और नागरिक बुनियादी ढांचे और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना तुरंत बंद किया जाए।
भारत इस स्थिति से निपटने के लिए बातचीत और कूटनीति का समर्थन करता रहेगा, ताकि पूरे पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल हो सके। हम अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर स्वतंत्र और बिना किसी रुकावट के आवागमन और व्यापार की भी मांग करते हैं। भारत मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए किए जाने वाले सभी प्रयासों का समर्थन करने के लिए तत्पर है। इसके साथ ही UAE के विदेश मंत्रालय ने भी इन हमलों की निंदा करते हुए इन्हें तनाव में एक गंभीर बढ़ोतरी बताया।
मंत्रालय ने इन हमलों को विश्वासघाती करार दिया और कहा कि ये राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सीधा खतरा पैदा करते हैं; मंत्रालय ने यह भी कहा कि UAE इन हमलों का जवाब देने का अपना पूर्ण और वैध अधिकार सुरक्षित रखता है। ये नए हमले खाड़ी क्षेत्र में क्षेत्रीय और वैश्विक शक्तियों के बीच टकराव के और अधिक बढ़ने का जोखिम भी बढ़ता हुआ प्रतीत हो रहा है। इस बीच, ईरानी मीडिया ने बताया कि उनकी देश की नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अपने परिचालन क्षेत्र का विस्तार किया है, जिसमें फुजैराह और खोरफक्कन जैसे UAE के बंदरगाहों के करीब के क्षेत्र भी शामिल हैं।



