मुंबई। अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ आखिरकार शुक्रवार 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। ट्रेलर देखकर फैन्स को उम्मीद थी कि इस बार फ्रेंचाइज़ी अपनी पुरानी मस्ती और कॉमिक टाइमिंग वापस लेकर आएगी। लेकिन रिलीज के सिर्फ एक दिन बाद ही फिल्म को लेकर सोशल मीडिया से लेकर क्रिटिक्स तक की राय सामने आ चुकी है, और तस्वीर उम्मीद से काफी अलग नजर आ रही है। जहां कुछ दर्शकों ने फिल्म के हल्के-फुल्के मनोरंजन और अजय देवगन की कॉमिक वापसी की तारीफ की, वहीं ज्यादातर लोगों का कहना है कि ‘धमाल 4’ पुराने फॉर्मूले को ही दोहराती है और हंसी से ज्यादा शोर पर भरोसा करती है।
क्या है फिल्म की कहानी?
इस बार भी कहानी एक ट्रेजर हंट के इर्द-गिर्द घूमती है। पहले “W के नीचे” खजाना था, अब “M के नीचे” खजाना छिपा है। यानी कहानी में नया बहुत कम है। पूरी फिल्म में वही भाग-दौड़, गलतफहमियां और स्लैपस्टिक कॉमेडी देखने को मिलती है, जो फ्रेंचाइज़ी की पहचान रही है। कई फिल्म समीक्षकों का मानना है कि ‘धमाल 4’ अपनी सबसे बड़ी ताकत यानी कॉमेडी में ही कमजोर पड़ जाती है। रिव्यू में कहा गया कि फिल्म में ऐसे डायलॉग्स और जोक्स की भरमार है जो आज के समय में पुराने और बेमेल लगते हैं। बॉडी शेमिंग, बार-बार चिल्लाना और एक-दूसरे का मजाक उड़ाना ही कॉमेडी का आधार बना दिया गया है। एक रिव्यू में तो यहां तक लिखा गया कि फिल्म के पूरे रनटाइम में सिर्फ पांच बार हंसी आई, जिनमें से ज्यादातर पल रितेश देशमुख की वजह से बने।
स्टार कास्ट की एक्टिंग कैसी रही?
अगर एक्टिंग की बात करें तो रितेश देशमुख को फिल्म का सबसे मजबूत पक्ष बताया जा रहा है। उनकी कॉमिक टाइमिंग ने कई जगह फिल्म को संभालने की कोशिश की है। वहीं अजय देवगन का प्रदर्शन कई समीक्षकों को थोड़ा फीका लगा। अरशद वारसी और जावेद जाफरी की पुरानी केमिस्ट्री इस बार वैसा जादू नहीं दिखा पाई। संजय मिश्रा के किरदार को भी कमजोर लिखा गया है, जबकि संजीदा शेख और अंजलि आनंद के हिस्से में ज्यादा करने को नहीं आया। फिल्म का म्यूजिक भी खास असर नहीं छोड़ता। इसमें ‘गुलाबी साड़ी’ और ‘गिलोरी बिना चटनी’ जैसे रीमेक गानों का इस्तेमाल किया गया है, जिसे कई लोगों ने पुराना और रिपीटेड बताया। दूसरी तरफ, फिल्म के VFX पर मेहनत जरूर दिखती है, लेकिन कई समीक्षकों का कहना है कि अगर कॉमेडी पर भी इतनी मेहनत की जाती तो नतीजा बेहतर हो सकता था।
सोशल मीडिया पर कैसा है माहौल?
X पर फिल्म को लेकर मिक्स्ड रिएक्शन देखने को मिले।
एक यूजर ने लिखा, ‘धमाल 4’ Cringe Comedy…बच्चों को भी हंसी नहीं आएगी।”
वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, “ज़्यादा उम्मीदें नहीं थीं, फिर भी फिल्म पूरी तरह काम नहीं करती। कुछ अच्छे मोमेंट्स हैं, लेकिन बहुत खींचे गए हैं। हां, अजय देवगन को फिर से कॉमिक अंदाज में देखना अच्छा लगा। यानी सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर राय बंटी हुई है। रिलीज के बाद अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स और क्रिटिक्स ने फिल्म को औसत से नीचे की रेटिंग दी है।
‘धमाल 4’ देखें या छोड़ दें?
अगर आप ‘धमाल’ फ्रेंचाइज़ी के पुराने फैन हैं और सिर्फ हल्की-फुल्की स्लैपस्टिक कॉमेडी देखने के लिए थिएटर जाना चाहते हैं, तो फिल्म आपको कुछ जगह एंटरटेन कर सकती है। लेकिन अगर आप नई कहानी, दमदार कॉमेडी और यादगार पंचलाइन की उम्मीद लेकर जा रहे हैं, तो ‘धमाल 4’ शायद आपकी उम्मीदों पर खरी न उतरे। फिलहाल रिलीज के पहले दिन के रिव्यू यही बता रहे हैं कि इस बार खजाना तो मिला, लेकिन दर्शकों को हंसी नहीं मिल पाई।



