नई दिल्ली। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की प्रस्तावित तिरंगा रैली से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए दावा किया है कि सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी उनका पीछा कर रहे हैं। उन्होंने गुरुवार देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि वह तिरंगा लहराने के लिए जेल जाने से भी नहीं डरते।
16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में प्रस्तावित रैली
CJP शुक्रवार, 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली आयोजित करने वाली है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। इसके अलावा, आशुतोष रांका और सौरव दास को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के विरोध में भी प्रदर्शन किया जाएगा।
अभिजीत दीपके ने पुलिस पर लगाए आरोप
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी उनका पीछा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह पुलिस की कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। दीपके ने सवाल उठाया कि क्या अब देश में तिरंगा लहराने के लिए भी अनुमति लेनी पड़ेगी?हालांकि, पुलिस द्वारा उनके पीछा किए जाने और संभावित गिरफ्तारी को लेकर किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
कनॉट प्लेस में निषेधाज्ञा, सेंट्रल पार्क बंद
प्रस्तावित रैली को देखते हुए कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखने का फैसला किया है।दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी कर दोपहर 3 बजे के बाद कनॉट प्लेस के आसपास यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है। लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से की नियमों के पालन की अपील
रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से प्रशासनिक आदेशों का पालन करने की अपील की है। राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने के लिए चुनिंदा लोगों को उपयुक्त स्थान पर अनुमति देने पर विचार किए जाने की बात भी सामने आई है।अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रशासन और पुलिस की पाबंदियों के बीच CJP की प्रस्तावित तिरंगा रैली हो पाती है या नहीं।



