Monday, May 11, 2026
HomeIndiaबीजेपी का राहुल गांधी पर पलटवार, बोली- राष्ट्रहित की अपील भी कांग्रेस...

बीजेपी का राहुल गांधी पर पलटवार, बोली- राष्ट्रहित की अपील भी कांग्रेस को लगती है राजनीति और नाकामी का बहाना।

राहुल गांधी ने पश्चिम एशिया संकट के बीच बचत की अपील करने पर नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए इसे सरकार की “नाकामी” बताया। इसके जवाब में भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनता से त्याग नहीं, बल्कि राष्ट्रहित में जिम्मेदारी निभाने की अपील की है। भाजपा ने कांग्रेस पर केवल सत्ता की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) की बचत की अपील की आलोचना करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर पलटवार किया। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की राजनीति सिर्फ सत्ता तक ही सीमित रही है, राष्ट्र-निर्माण से इसका लेनादेना नहीं है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणियों को लेकर उन पर हमला करते हुए कहा कि ‘कम्प्रोमाइज्ड पीएम’ अब देश चलाने के काबिल नहीं है।

बीजेपी का राहुल गांधी पर पटलवार

प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया संघर्ष के असर से निपटने के लिए देशवासियों को बचत के सुझाव दिए हैं, जिस पर कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री के शब्द ‘नाकामी का सबूत’ हैं। भाजपा आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी ने लोगों से त्याग करने के लिए नहीं कहा है, बल्कि उनसे राष्ट्र हित में सोच-समझकर फैसले लेने का आग्रह किया है, जैसे कि ईंधन बचाना, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना, विदेशी मुद्रा बचाना और आत्मनिर्भरता को मजबूत करना। उन्होंने कहा, लेकिन यही कांग्रेस पार्टी की समस्या है। राष्ट्र हित में जनता की भागीदारी की कोई भी अपील उन्हें ‘उपदेश’ जैसी लगती है, क्योंकि उनकी राजनीति सिर्फ सत्ता तक ही सीमित रही है, राष्ट्र-निर्माण तक नहीं।

पश्चिम एशिया के हालात के असर का ज़िक्र करते हुए, मालवीय ने कहा कि हर वैश्विक संकट पूरी दुनिया पर असर डालता है। राहुल गांधी के हमले का जवाब देने के लिए उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का ज़िक्र किया। उन्होंने पूछा, अगर जनता से अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील करना ‘नाकामी’ माना जाता है, तो क्या आपके प्रिय नेहरू भी ‘कम्प्रोमाइज्ड पीएम’ थे? मालवीय ने कहा, नेहरू ने खुद कहा था कि जब दूसरे देशों में जंग छिड़ती है, तो उसका असर भारत में महंगाई के रूप में महसूस होता है। क्या वह भी तब एक ‘बहाना’ था, या उस समय इसे ज़िम्मेदार नेतृत्व माना जाता था? उन्होंने नेहरू का एक पुराना कथित वीडियो भी साझा किया जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि जब कोरिया या अमेरिका जैसे देशों में जंग होती है तो भारत पर असर पड़ता है।

मोदी की बचत अपील पर राहुल गांधी का बड़ा हमला

भाजपा नेता ने कहा कि जिम्मेदार नेतृत्व लोगों को सच बताता है और चुनौतियों का सामना करने के लिए मिलकर भागीदारी की अपील करता है। मालवीय ने इस बात पर जोर दिया कि केंद्र सरकार पश्चिम एशिया संघर्ष के बुरे असर से लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए दूसरे उपायों के साथ-साथ ईंधन का सही इस्तेमाल, सोने की खरीदारी और विदेश यात्रा को टालने की अपील की। हैदराबाद में भारतीय जनता पार्टी की तेलंगाना इकाई की एक रैली को संबोधित करते हुए, उन्होंने पश्चिम एशिया में संकट के बीच विदेशी मुद्रा बचाने के लिए पेट्रोल और डीज़ल की खपत कम करने, शहरों में मेट्रो रेल सेवाओं का इस्तेमाल करने, कार पूलिंग करने, इलेक्ट्रिक गाड़ियों का ज़्यादा इस्तेमाल करने, पार्सल लाने-ले जाने के लिए रेलवे सेवाओं का इस्तेमाल करने और घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करने का सुझाव दिया।

संकट के कारण विदेशी मुद्रा बचाने की जरूरत पर जोर देते हुए, मोदी ने एक साल के लिए सोने की खरीदारी और विदेश यात्रा टालने की अपील की। उन्होंने खाने के तेल की खपत कम करने, रासायनिक खाद का इस्तेमाल कम करने और विदेशी मुद्रा बचाने तथा देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्राकृतिक खेती और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मोदी जी ने कल जनता से त्याग की मांग की कि सोना मत ख़रीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल का कम उपयोग करो, खाद और खाने का तेल कम उपयोग करो, मेट्रो में चलो, घर से काम करो। ये उपदेश नहीं, बल्कि नाकामी के सबूत हैं। उन्होंने कहा, ‘‘12 साल में देश को इस मुक़ाम पर ला दिया है कि जनता को बताना पड़ रहा है कि क्या ख़रीदें, क्या न ख़रीदें, कहां जाएं, कहां न जाएं। हर बार ज़िम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं ताकि ख़ुद जवाबदेही से बच निकलें।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular