अंबेडकरनगर/उत्तरप्रदेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंबेडकरनगर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने सपा सरकार के पुराने कार्यकाल को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए और कहा कि उस दौर में प्रदेश में अराजकता, भाई-भतीजावाद और गुंडागर्दी का माहौल था। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा शासनकाल में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरियां योग्यता के आधार पर नहीं मिलती थीं और युवाओं के अधिकारों पर परिवारवाद हावी था।
‘चाचा-भतीजे की जोड़ी लूट के लिए निकल पड़ती थी’- सीएम योगी
जनसभा में सीएम योगी ने सपा पर परिवारवाद को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि उस समय चाचा-भतीजे की जोड़ी लूटपाट के लिए निकल पड़ती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के हकों पर भाई-भतीजावाद के नाम पर डकैती डाली जाती थी।
कानून व्यवस्था को लेकर सपा पर निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा सरकार के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में दंगे और अपराध की घटनाएं बढ़ गई थीं। सीएम ने दावा किया कि सहारनपुर, अलीगढ़, हापुड़, एटा, मथुरा और लखनऊ जैसे शहरों में आए दिन तनाव और दंगों की स्थिति रहती थी, जिससे उत्तर प्रदेश की छवि खराब हुई। उन्होंने कहा कि उस दौर में आम लोगों के बीच डर का माहौल था और थानों व तहसीलों पर सपा से जुड़े लोगों का दबदबा रहता था।
सपा के सदन में हंगामे पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में सपा के विरोध प्रदर्शन को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 59 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट लेकर आई थी, जिसमें युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के कल्याण से जुड़ी योजनाएं शामिल थीं। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सपा ने सदन में हंगामा कर जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा नहीं होने दी।
महापुरुषों के सम्मान से जुड़ी योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि अनुपूरक बजट में सामाजिक न्याय से जुड़े महापुरुषों के सम्मान के लिए भी प्रावधान किए गए थे। इसमें महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास, डॉ. भीमराव आंबेडकर और छत्रपति शाहूजी महाराज के स्मारकों और मूर्तियों पर छतरी व बाउंड्री वॉल निर्माण जैसी योजनाएं शामिल थीं। सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सरकार विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर काम कर रही है, जबकि विपक्ष जनता से जुड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहा है।



