जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने SIR को लेकर कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस गलत तथ्यों के आधार पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 27 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने बिहार में SIR की वैधता बरकरार रखी थी, इसके बावजूद कांग्रेस लगातार इस प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि SIR से जुड़े कथित मतभेदों को लेकर एक मीडिया रिपोर्ट को आधार बनाया गया, जबकि चुनाव आयोग ने अपने स्पष्टीकरण में इन दावों को खारिज किया है।
भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस से सवाल किया कि SIR में कथित मतभेद का प्रमाण क्या है? कैबिनेट सेक्रेटरी के पत्र को SIR से जोड़ने का आधार क्या है और फॉर्म-6 में बदलाव के दावे का दस्तावेज कहां है? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण के बाद कांग्रेस अपने आरोपों की समीक्षा करेगी।
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के विदेश में दिए गए बयानों और राफेल मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव प्रक्रिया और सेना के शौर्य पर सवाल उठाए हैं।
भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस को जनता के बीच जाकर काम करने की सलाह देते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने के बजाय जनता के मुद्दों पर काम करना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव हारने के बाद कांग्रेस अक्सर अपनी हार के लिए दूसरे पक्ष पर आरोप लगाती है।



