Saturday, July 11, 2026
HomeLatest NewsCM भजनलाल शर्मा ने केकड़ी को दी करोड़ों की सौगात, बोले-डबल इंजन...

CM भजनलाल शर्मा ने केकड़ी को दी करोड़ों की सौगात, बोले-डबल इंजन सरकार धरातल पर विकास कर रही

Rajasthan News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अजमेर के केकड़ी में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है।

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को अजमेर के केकड़ी में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और अगली पीढ़ी के लिए मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण को लेकर प्रतिबद्ध हैं. हमारी डबल इंजन सरकार धरातल पर काम कर आमजन के जीवन को सुगम बना रही है. रोडमैप बनाकर पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं, जिसका असर धरातल पर दिख रहा है.

’18 हजार किलोमीटर लंबी नई सड़कों का निर्माण’

उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 33 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगभग 49 हजार किलोमीटर लंबी सड़कों का विकास करवाया गया है. साथ ही, 18 हजार किलोमीटर लंबी नई सड़कों का निर्माण हुआ है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3 हजार किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कों के उन्नयन, सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण के कार्य हुए हैं। वहीं, रेल नेटवर्क को विकसित करने के साथ ही नए एयरपोर्ट्स के जरिये प्रदेश विकास की नई उड़ान भर रहा है.

‘पानी प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पानी प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है. राज्य सरकार ने प्रमुख जल परियोजनाओं पर फोकस करते हुए हर व्यक्ति तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य तय किया. इसी क्रम में राम जलसेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, देवास परियोजना जैसे कई प्रोजेक्ट्स पर प्रमुखता से कार्य करके दिखाया है.

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 4 प्रमुख जातियों किसान, मजदूर, महिला और युवा का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो रहा है. प्रदेश में किसान सम्मान निधि की राशि को 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया, जिसे आने वाले समय में 12 हजार रुपये प्रतिवर्ष किया जाएगा. वहीं, किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवाने के साथ ही बिलों में अनुदान दे रहे है. उन्होंने कहा कि राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना के जरिये पशुपालकों को 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण मिल रहा है. इसी प्रकार मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के माध्यम से 22 लाख से अधिक बीमा पॉलिसी की जा चुकी हैं.

‘हमारी सरकार रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवा रही’

उन्होंने कहा कि युवाओं को सशक्त बनाने के लिए हमारी सरकार रोजगार के साथ स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवा रही है। प्रदेश में अब तक 1 लाख 78 हजार पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं तथा 1 लाख से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं. निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख युवाओं को रोजगार मिला है. उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र में ग्रामीण युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध करवाया जा रहा है. साथ ही, महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाकर आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है.

सभी वर्गों के विकास के लिए मुख्यमंत्री लगातार कार्य कर रहे: दिया कुमारी

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यों से प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने और समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार कार्य कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राजस्थान रिफाइनरी जैसे विश्व स्तरीय प्रोजेक्ट का लोकार्पण विकास की इसी सकारात्मक सोच का परिणाम है.

सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि यमुना के पानी को राजस्थान की धरती पर लाना मुख्यमंत्री का भगीरथी प्रयास है, जिसका लाभ शेखावाटी की जनता को मिलेगा. वहीं, सड़क तंत्र को मजबूत बनाने के साथ ही प्रदेश का बिजली उत्पादन में सरप्लस होना भी मुख्यमंत्री की बड़ी उपलब्धि है.

मुख्यमंत्री का जगह-जगह भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री का केकड़ी पहुंचने पर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया.उन्होंने हेलीपेड के पास राजकीय महाविद्यालय में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. इसके बाद कार्यक्रम स्थल कृषि उपज मंडी प्रस्थान के दौरान मार्ग में विभिन्न स्थानों पर आमजन ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया.

मुख्यमंत्री ने इन विकास कार्यों का किया शिलान्यास

नसीराबाद-सरवाड़-केकड़ी-देवली फेज-प्रथम फोर लेन
सिंगावल, गोपालपुरा, भिनाय, टांटोटी रोड, डबरेला एमडीआर सड़क
केरोट, जैतपुरा, चांवड़िया, पाडलिया, नागोल, बडला, रघुनाथगढ़, रामालिया, टांटोटी, केबानिया, भटियानी तक की सड़क का सुदृढ़ीकरण और चौड़ाईकरण
हरपुरा, कुमारिया, हिंगोनिया, लल्लाई, भांटोलाव, सरवाड़, जडाना, खांडरा, सांतोलाव, केरियाखुर्द, नागोला सड़क
दतोब, भादू का खेड़ा, कुहाड़ा, कनोज, लसाड़िया, एकलसिंहा, केकड़ी सड़क
धुंवालिया, एकलसिंहा, मेवदाकलां, रूपनिवास, सलारी, तसवारिया, मोलकिया, कालेड़ा, फारकिया, भंराई, प्रान्हेड़ा, सांपला सड़क
केकड़ी नगरपालिका के विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क
क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में कमरों का निर्माण

इन कार्यों का किया लोकार्पण

राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय भवन
केकड़ी, सरवाड़, नसीराबाद, सावर, देवली, सड़क का उन्नयन
केकड़ी क्षेत्र में पुलिया और सड़क निर्माण सहित अन्य कार्य

कार्यक्रम के दौरान कौन-कौन रहा मौजूद

इस दौरान केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, विधायक शत्रुघन गौतम, शंकर सिंह रावत, रामस्वरूप लाम्बा, गोपी चंद मीणा, राजेन्द्र गुर्जर एवं वीरेन्द्र सिंह कानावत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें: अनिल अंबानी समूह पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, 1,021 करोड़ रुपये की नई संपत्ति कुर्क


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image