GRAM 2026 Postponed : जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) द्वारा ईंधन की खपत में संयम बरतने की अपील के बाद राजस्थान सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajan Lal Sharma) ने शुक्रवार को घोषणा करते हुए कहा कि 23 से 25 मई तक जयपुर के जेईसीसी में आयोजित होने वाला ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट ‘ग्राम-2026’ फिलहाल स्थगित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस फैसले को राष्ट्रहित से जोड़ते हुए कहा कि ईंधन बचत और ऊर्जा संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि बड़े आयोजनों में लाखों लोगों की आवाजाही और परिवहन व्यवस्था में भारी मात्रा में ईंधन खर्च होता है। ऐसे में सरकार ने जिम्मेदारी निभाते हुए इस आयोजन को कुछ समय के लिए टालने का निर्णय लिया है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का समझदारी से उपयोग करने का आग्रह किया है और सार्वजनिक परिवहन तथा कारपूलिंग अपनाने की सलाह दी है। इसे दृष्टिगत रखते हुए मुख्यमंत्री ने ग्राम जैसे बड़े आयोजन को स्थगित करने का फैसला किया, क्योंकि इस आयोजन में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में किसान तथा देश-विदेश से कृषि विशेषज्ञ और उद्यमी शामिल होने वाले थे। इस निर्णय से अतिथियों के आवागमन और लॉजिस्टिक्स परिवहन में लगने वाला ईंधन बचाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ईंधन बचत और ऊर्जा संयम के संदेश का अनुसरण करते हुए राज्य सरकार बड़े राजकीय कार्यक्रमों की संख्या में कमी ला रही है। साथ ही, वर्चुअल माध्यम से बैठकों एवं वाहन उपयोग में किफायत बरतने को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने आमजन से भी वाहनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि बूंद-बूंद से सागर बनता है, यदि हम सभी थोड़ा-थोड़ा संयम बरतें तो तेल के खर्च में बहुत बड़ा अंतर लाया जा सकता है।



