Keir Starmer Resignation : नई दिल्ली। ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। सत्ताधारी लेबर पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष और 100 से अधिक सांसदों की नाराजगी के बीच प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर के भविष्य को लेकर पिछले कई दिनों से अटकलें लगाई जा रही थीं। आखिरकार, इन चर्चाओं पर विराम लगाते हुए स्टार्मर ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने इस्तीफे की घोषणा कर दी।
कीएर स्टार्मर ने कहा कि वह केवल प्रधानमंत्री पद ही नहीं, बल्कि लेबर पार्टी के नेता का पद भी छोड़ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी और देश के हितों को सर्वोपरि रखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह नए प्रधानमंत्री और नए नेतृत्व को पूरा सहयोग और समर्थन देंगे।
स्टार्मर के इस्तीफे के साथ ही ब्रिटेन की राजनीति में नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है। अब यह लगभग तय माना जा रहा है कि आगामी संसदीय चुनावों में लेबर पार्टी नए चेहरे और नई रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी। उनके इस फैसले ने ब्रिटेन के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है और नए नेतृत्व को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।



