Tuesday, May 5, 2026
HomeLatest Newsराहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार, कहा- हार के बाद...

राहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार, कहा- हार के बाद ही उठाते सवाल, इंडिया गठबंधन को बताया पूरी तरह बिखरा हुआ

बीजेपी ने राहुल गांधी पर चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर लगाए गए आरोपों को “पाखंड” बताया। प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि गांधी हार के बाद ही चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं, जबकि जीत होने पर परिणाम स्वीकार करते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि इन आरोपों के समर्थन में अदालत में कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया गया। बीजेपी ने इंडिया अलायंस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों के बाद गठबंधन पूरी तरह बिखर गया है। पार्टी ने ममता बनर्जी पर भी हार के लिए बहाने बनाने का आरोप लगाया और विपक्ष को “दिशाहीन” बताते हुए आंतरिक मतभेदों को उजागर किया।

Rahul Gandhi EVM controversy : नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निर्वाचन आयोग और ईवीएम के खिलाफ लगाए गए उनके आरोपों को लेकर पाखंड करने का आरोप लगाया और दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन पूरी तरह से बिखर गया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में आरोप लगाया कि गांधी हार के बाद ही चुनावी प्रक्रियाओं पर सवाल उठाते हैं, लेकिन जहां उनकी पार्टी जीतती है वहां परिणाम स्वीकार कर लेते हैं। उन्होंने कहा, यह राहुल गांधी का सरासर पाखंड और बेशर्मी है। उनकी पार्टी ने केरल में चुनाव जीता है, जहां एसआईआर हुआ था और ईवीएम से चुनाव हुए थे। वहां चुनाव पूरी तरह से निष्पक्ष थे और यह जनता का फैसला था। अब वह पश्चिम बंगाल और असम में ईवीएम और निर्वाचन आयोग को पाखंडी तरीके से दोषी ठहरा रहे हैं।

अदालत में किसी भी चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी का कोई सबूत पेश नहीं किया गया : पूनावाला

पूनावाला ने गांधी पर बिना सबूत के बार-बार आरोप लगाने को लेकर भी हमला बोला और कहा कि अदालतों ने ऐसे दावों को सही नहीं ठहराया है। उन्होंने कहा, ‘आपने बिहार में वोट चोरी और मतदाता सूची से नाम हटाने के मुद्दे पर पूरा अभियान चलाया, लेकिन उच्चतम न्यायालय को कोई भी सबूत नहीं दे सके।’ भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि ऐसे दावे जवाबदेही से बचने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, आप चुनाव हारने पर हर बार निर्वाचन आयोग पर यही आरोप लगाते हैं। ये चुनाव के बाद (गांधी) परिवार को जवाबदेही से बचाने के लिए दिया जाने वाला बहाना है… लेकिन अदालत में किसी भी चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी का कोई सबूत पेश नहीं किया गया है।

पूनावाला ने पश्चिम बंगाल की निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी इसी तरह के बहाने बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ममता बनर्जी भी यही कर रही हैं। लेकिन अदालत में किसी भी चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी का कोई सबूत पेश नहीं किया गया है। दरअसल, टीएमसी ही चुनाव में धांधली कर रही थी… उन्होंने फाल्टा में क्या किया, पश्चिम बंगाल के अन्य हिस्सों में अन्य चुनावों में उन्होंने क्या किया।

बंगाल के नतीजों के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन पूरी तरह से बिखर गया : पूनावाला

पूनावाला ने ‘इंडिया’ गठबंधन को निशाना बनाते हुए दावा किया कि पश्चिम बंगाल के नतीजों के बाद यह गठबंधन विभाजित हो गया है और इसके सहयोगी दल हार के लिए विरोधाभासी कारण बता रहे हैं। उन्होंने कहा, पश्चिम बंगाल के नतीजों के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन पूरी तरह से बिखर गया है – यह खंडित, टुकड़ों में बंटा हुआ और विभाजित है। एक तरफ तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि उसे वोट चोरी और धांधली के कारण हार का सामना करना पड़ा, वहीं दूसरी तरफ शिवसेना (उबाठा) का दावा है कि ऐसा नहीं है। उन्होंने विपक्षी गठबंधन में आम सहमति की कमी पर भी सवाल उठाया और इसे ‘दिशाहीन’ बताया। उन्होंने कहा, ‘‘गठबंधन अब सिर्फ नाम का रह गया है, काम नहीं करता। इसका कोई मिशन नहीं, कोई दृष्टिकोण नहीं, सिर्फ भ्रम और प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करने का जुनून है। उन्होंने गठबंधन के भीतर के विरोधाभासों को उजागर करने के लिए शिवसेना (उबाठा) सांसद संजय राउत के कथित बयानों का भी हवाला दिया। एक वीडियो में राउत को कथित तौर पर ममता बनर्जी और गांधी के बीच समन्वय की कमी को हार का कारण बताते हुए सुना गया।

पूनावाला द्वारा साझा किए गए वीडियो क्लिप में राउत को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है, राहुल गांधी बार-बार कह रहे थे कि ममता बनर्जी ने जो किया वह एक बड़ी गलती थी। अगर ममता दीदी ने राहुल गांधी के साथ बैठकर चर्चा की होती तो नतीजा अलग हो सकता था। राहुल गांधी ने जो कुछ भी कहा वह सही साबित हुआ, वह एक दूरदर्शी नेता हैं। गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा असम और पश्चिम बंगाल के चुनाव निर्वाचन आयोग के समर्थन से ‘चोरी’ किए गए।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular